डूंगरपुर, 16 अक्टूबर: डूंगरपुर पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत वासुवा गांव में गांजे की अवैध खेती पकड़ी। चौरासी थाना सीआई रतनलाल जडिया के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम खेत में पहुंची, जहां गांजे के पौधे मिले। मौके पर मौजूद डूंगर ननोमा (62) निवासी वासुवा से पूछताछ में उसने अपने खेत में गांजे के पौधे उगाना स्वीकार किया। पुलिस ने पौधे उखड़वाकर इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन कराया। कुल 25 किलो 345 ग्राम हरा गीला गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 3.50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
घास काट रही महिला को सांप ने डसा, मौत
डूंगरपुर, 16 अक्टूबर:: डूंगरपुर जिले के सरोदा गांव में खेत पर घास काट रही बीना पाटीदार की सांप के डसने से मौत हो गई। सरोदा थाना पुलिस के अनुसार, बीना के पति कांतिलाल पाटीदार घास का गट्ठर घर छोड़ने गए थे। इसी दौरान पत्नी का फोन आया कि उन्हें सांप ने डस लिया है। परिजन खेत पहुंचे तो बीना बेहोश मिलीं। उनके बाएं पैर के अंगूठे पर सांप के काटने के निशान थे। परिजन उन्हें निजी वाहन से सागवाड़ा के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बांसवाड़ा जिला परिषद की 43 सीटों पर 212 नामांकन
बांसवाड़ा, 16 अक्टूबर: जिला परिषद की 43 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई। कुल 212 नामांकन प्राप्त हुए, जिनमें अंतिम दिन 80 पर्चे दाखिल किए गए। वार्ड 4 और 22 में सर्वाधिक 11-11 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि वार्ड 32 में 10 और वार्ड 21 में 9 नामांकन मिले। वार्ड 2, 10, 15, 16, 19, 34, 36, 41, 42 और 43 में सबसे कम तीन-तीन उम्मीदवार हैं। वार्ड 32 से रूपसिंह ने समय सीमा समाप्त होने से एक मिनट पहले निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव के अनुसार, शनिवार सुबह 11 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। दूसरे चरण में 28 अक्टूबर को मतदान होगा।
रेंजर हत्याकांड में डंपर मालिक-ड्राइवर सहित तीन गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 16 अक्टूबर: छोटीसादड़ी में रेंजर प्रतापसिंह चुण्डावत की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें डंपर मालिक बंटी उर्फ दलपत बावरी (32), चालक निलेश बावरी (31) और लोकेश बावरी (20) शामिल हैं। घटना 21 सितंबर की रात की है, जब रेंजर अवैध खनन रोकने वनखंड सुक्कड़, मोहनपुरा तलाई पहुंचे थे। वहां जेसीबी, ट्रैक्टर और डंपर से खनन चल रहा था। विवाद के बाद मिट्टी से भरा डंपर भागने लगा। रेंजर ने घाटी वाले बालाजी मंदिर रोड पर उसे रोकने का प्रयास किया, तभी डंपर की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में मामले की जांच जारी है।
कल्लाजी महाराज का 483वां जन्मोत्सव, ऋषभदेव में दो दिवसीय मेला
उदयपुर, 16 अक्टूबर: भगवान श्री कल्लाजी महाराज के 483वें जन्मोत्सव पर 17 और 18 अक्टूबर को ऋषभदेव स्थित श्री कल्याण शक्तिपीठ मईयाधाम में दो दिवसीय धार्मिक मेले का आयोजन होगा। पीठाधीश्वर करुणेश्वरजी रावल के सानिध्य में शनिवार सुबह 6 बजे रुद्राभिषेक से कार्यक्रम शुरू होंगे। दोपहर 12 बजे महाआरती और छप्पन भोग तथा शाम को कल्याण हवेली के लिए प्रस्थान होगा। रात में जागरण और विशेष शृंगार होगा। रविवार को रुद्रीयज्ञ की पूर्णाहुति के बाद सुबह 11 बजे शोभायात्रा निकलेगी। चांदी की पालकी में विराजित श्रीजी की शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मईयाधाम पहुंचेगी। मेले में भजन-कीर्तन, गवरी नृत्य, दुकानें और झूले भी आकर्षण रहेंगे।
ईवीएम कमिशनिंग प्रशिक्षण आज से
उदयपुर, 16 अक्टूबर: पंचायतीराज चुनाव-2026 के तहत निर्वाचन कार्य में नियुक्त कार्मिकों का ईवीएम कमिशनिंग प्रशिक्षण 17 अक्टूबर से प्रारंभ होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल नेबताया कि प्रथम चरण में शामिल पंचायत समितियों के लिए प्रशिक्षण 17 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से सुखाड़िया रंगमंच सभागार में होगा। द्वितीय चरण के लिए 23 अक्टूबर तथा तृतीय चरण के लिए 28 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से सुखाडिया रंगमंच सभागार में प्रशिक्षण आयोजित होगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं तथा कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।