सरकारी और बेनामी जमीन पर किए अतिक्रमण हटाए, मकान व कच्चा निर्माण ध्वस्त; मुख्य आरोपी समेत छह गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 30 सितंबर: छोटी सादड़ी में रेंजर प्रतापसिंह चुण्डावत की मौत के मामले में पुलिस और वन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को गिरफ्तार आरोपियों से संबंधित संपत्तियों और भूमि की जानकारी जुटाने के बाद पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने राजस्व और विभागीय अभिलेखों का परीक्षण कर नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान सरकारी और बेनामी भूमि पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए तथा अवैध रूप से बनाए गए मकान व कच्चे निर्माण ध्वस्त किए गए।
कार्रवाई के दौरान दिनेश मोग्या द्वारा बेनामी एवं सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण, प्रकाश धाकड़ और विक्रम धाकड़ के कब्जे वाली भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। मुख्य आरोपी कन्हैयालाल उर्फ कान्हा द्वारा आबादी क्षेत्र में बेनामी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए मकान को भी हटाया गया। वहीं फरार आरोपी लालू मोग्या द्वारा वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण पर बने कच्चे मकान को ध्वस्त करने के साथ अवैध विद्युत कनेक्शन भी हटाया गया।
मुख्य आरोपी समेत छह गिरफ्तार
छोटी सादड़ी क्षेत्र में 21 सितंबर को अवैध खनन की रोकथाम के दौरान रेंजर प्रतापसिंह चुण्डावत की मृत्यु के मामले में 22 सितंबर को वनरक्षक सुरेश की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान मुख्य आरोपी कन्हैयालाल उर्फ कान्हा पुत्र चांदमल बावरी (22) को 25 सितंबर को घोसुण्डी जंगल से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद प्रकाश धाकड़, हरिश धाकड़, विक्रम मोग्या, दिनेश मोग्या और नारायण मीणा को 27 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। सभी से पूछताछ जारी है।