शैक्षणिक भ्रमण से लौट रही छात्राओं की बसों पर पथराव, तीन बसों के शीशे टूटे

Share

कोटड़ा के जोगीवाड़ के पास वारदात, 269 छात्राएं थीं सवार; ड्राइवरों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा


कोटड़ा (उदयपुर), 1 अगस्त:
कोटड़ा कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं को लेकर लौट रही बसों पर शुक्रवार शाम जोगीवाड़ के समीप अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर दिया। घटना में तीन बसों के शीशे टूट गए, जबकि बसों में सवार 269 छात्राओं में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। हालांकि ड्राइवरों की सूझबूझ से सभी बसों को तुरंत घटनास्थल से निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार विद्यालय की 269 छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण के तहत राजसमंद जिले के नाथद्वारा स्थित विश्वास स्वरूपम के दर्शन कर वापस कोटड़ा लौट रही थीं। इसी दौरान जोगीवाड़ के पास अज्ञात लोगों ने बसों पर अचानक पथराव शुरू कर दिया। पथराव से तीन बसों के कांच क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी छात्रा को चोट नहीं आई।
घटना के बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य लियाकत हुसैन शेख ने कोटड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।