व्यापारी और बेटे पर हथौड़ों से हमला, CCTV में कैद वारदात

Share

बाइक हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा हमला, 8-10 हमलावरों ने दुकान में घुसकर पीटा
उदयपुर, 3 मई:
उदयपुर जिले के ऋषभदेव कस्बे में शनिवार को एक मामूली विवाद ने गंभीर और हिंसक रूप ले लिया। रास्ते में बाइक हटाने की बात कहने पर भड़के युवकों ने एक व्यापारी और उसके बेटे पर हथौड़ों और पत्थरों से हमला कर दिया। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जो अब पुलिस जांच का अहम आधार बन चुकी है।
रास्ते की कहासुनी बनी विवाद की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार व्यापारी कन्हैयालाल पंचाल अपनी स्कूटी से बाजार जा रहे थे। रास्ते में कुछ युवकों ने मोटरसाइकिल बीच सड़क पर खड़ी कर रखी थी। जब उन्होंने वाहन हटाने के लिए कहा, तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए धमकियां देने लगे। व्यापारी वहां से अपनी दुकान ‘श्री केसरियाजी वेल्डिंग वर्कशॉप’ लौट आए, लेकिन विवाद यहीं समाप्त नहीं हुआ।
दुकान तक पीछा कर किया हमला
आरोपी युवक व्यापारी का पीछा करते हुए दुकान तक पहुंचे और फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में 8 से 10 युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए और दुकान में घुसकर व्यापारी पर हथौड़ों और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पिता को बचाने आए बेटे विजय पंचाल को भी बेरहमी से पीटा गया।
पुलिस जांच तेज, आरोपी फरार
घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज और बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।