उदयपुर, 18 जुलाई: कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) उदयपुर चैप्टर ने संगठन को मजबूत बनाने और व्यापारियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए व्यापक विस्तार अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। होटल गोरबंध में आयोजित सामान्य बैठक में जीएसटी, श्रम कानून, डिजिटलीकरण, स्थानीय व्यापार, स्टार्टअप और आधुनिक तकनीकों जैसे मुद्दों पर मंथन किया गया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं चैप्टर संरक्षक मनीष गलूंडिया ने कहा कि विभिन्न व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को जोड़कर संगठन को सशक्त बनाया जाएगा, ताकि व्यापारिक हितों की प्रभावी पैरवी हो सके। अध्यक्ष दिनेश चोरड़िया ने बताया कि संगठन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बी-टू-बी, बी-टू-सी, जीएसटी, पर्यटन, मार्बल, ज्वेलरी, मेडिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्टार्टअप सहित विभिन्न क्षेत्रों की अलग-अलग समितियां गठित की जाएंगी। महासचिव महेन्द्र तलेसरा ने सदस्यता अभियान तत्काल शुरू करने की घोषणा की। बैठक में व्यापारियों ने स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने और व्यापारी हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।