मकई की फसल की आड़ में गांजे की खेती, 62 पौधे जब्त; 62 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Share

कानोड़ थाना पुलिस की कार्रवाई, जब्त गांजे के पौधों का कुल वजन 47.04 किलो
उदयपुर, 20 सितम्बर:
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कानोड़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 47.04 किलोग्राम वजन के गांजे के 62 हरे पौधे जब्त किए हैं। पुलिस ने मौके से गांजे के पौधों की देखभाल कर रहे 62 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा (ग्रामीण-उदयपुर) रजत विश्नोई एवं वृताधिकारी वल्लभनगर श्रवणदास संत के सुपरविजन में कानोड़ थानाधिकारी भंवरलाल मय टीम ने 19 सितंबर को निम्बड़ी गांव के पहाड़ी क्षेत्र में दबिश दी।
पुलिस के अनुसार नदी-दर्रे के पेटे क्षेत्र में एक खेत में मक्का की फसल की आड़ में गांजे के पौधे बोए गए थे। पौधों में बीज और फूल भी आए हुए थे। मौके पर उनकी देखभाल करते हुए रामलाल पुत्र गवराम उर्फ सवा उर्फ सांवलिया, निवासी देरपुरा, थाना कानोड़ मिला। पुलिस ने पौधों को उखाड़कर उनकी गिनती की तो कुल 62 पौधे मिले, जिनका वजन 47.04 किलोग्राम था। पुलिस ने गांजे के पौधों को नियमानुसार जब्त कर आरोपी रामलाल को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 8/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान थाना वल्लभनगर पुलिस द्वारा किया जा रहा है।