खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी कार, तीन युवक घायल

Share

हाईवे-48 पर खेरवाड़ा में रात 10 बजे हादसा, टक्कर इतनी तेज कि ट्रेलर के नीचे घुसा कार का आधे से ज्यादा हिस्सा
उदयपुर, 13 नवम्बर:
खेरवाड़ा कस्बे में नेशनल हाईवे-48 पर गुरुवार रात तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का आधे से ज्यादा अगला हिस्सा ट्रेलर के नीचे घुस गया और बोनट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार तीन युवक घायल हो गए। राहगीरों की मदद से तीनों को खेरवाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
हादसा रात करीब 10 बजे नवजीवन हॉस्पिटल के सामने हुआ। कार अहमदाबाद से उदयपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में कार पीछे से जा घुसी। टक्कर के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कार में सवार तीनों युवक घायल हो गए।
क्रेन से निकाली कार, कुछ देर बाधित रहा यातायात
सूचना पर खेरवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, ट्रेलर के नीचे फंसी कार को क्रेन की सहायता से बाहर निकालकर सड़क से हटाया गया। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम के हालात बन गए। कार हटाने के बाद यातायात सुचारू हो सका।
घायलों की पहचान अफजल भाई पुत्र असलम भाई, हसबुद्दीन पुत्र मुस्लिम भाई और जाहियाबाज पुत्र अब्दुल भाई, निवासी अहमदाबाद के रूप में हुई है।