मामूली बात पर हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचा, घायल बंदी का कराया उपचार; जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
उदयपुर, 4 अक्टूबर: उदयपुर सेंट्रल जेल में शनिवार दोपहर मामूली बात को लेकर कैदियों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दो बंदियों ने मिलकर तीसरे बंदी के साथ मारपीट कर दी। घटना में घायल बंदी की ओर से सूरजपोल थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित बंदी भूताराम पुत्र धुलाराम निवासी मांडवा ने रिपोर्ट दी है कि शनिवार दोपहर करीब 3 बजे जेल में किसी बात को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद बंदी नरेन्द्र सैनी उर्फ गुट्या और यशवंत केवट उर्फ राजा ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जेल प्रहरियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। मारपीट में भूताराम के सिर और हाथ पर मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांच माह पहले प्रहरियों से भी हुई थी मारपीट
सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच मारपीट का यह पहला मामला नहीं है। अप्रैल 2026 में भी जेल में कैदियों ने प्रहरियों के साथ मारपीट की थी। उस समय जेल में मोबाइल और नशीली वस्तुएं मिलने की शिकायत के बाद कैदियों की तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान विवाद होने पर कुछ कैदियों ने जेल प्रहरियों से मारपीट शुरू कर दी थी। स्टाफ ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से जेल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।