आईएएस-आईपीएस बनने पर मिलेगा नकद प्रोत्साहन

Share

सिंधी युवाओं को UPSC के लिए प्रेरित करेगी एसएसडी उदय अकादमी
उदयपुर, 16 मई:
एसएसडी उदय अकादमी, नागपुर की राजस्थान शाखा की नवगठित कार्यकारिणी की पहली बैठक शक्ति नगर स्थित श्री झूलेलाल भवन में आयोजित हुई। बैठक में सिंधी समाज के युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं के लिए प्रोत्साहित करने और मार्गदर्शन देने पर जोर दिया गया।
मुख्य संरक्षक एवं पूर्व राज्यमंत्री हरीश राजानी ने घोषणा की कि वर्ष 2027 में आईएएस और आईपीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उदयपुर निवासी सिंधी युवाओं को 2 लाख रुपए तथा आरएएस में चयनित होने पर 1 लाख रुपए की नकद प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
7 जून को होगा मोटिवेशनल सेमिनार
राजस्थान शाखा अध्यक्ष रमेश दतवानी ने बताया कि 7 जून को 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए यूपीएससी तैयारी संबंधी मोटिवेशनल सेमिनार आयोजित किया जाएगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र ज्ञानी ने चयनित विद्यार्थियों को नियमित मार्गदर्शन देने का सुझाव दिया। सचिव डॉ. दीपमाला चौधरी ने मातृभाषा अपनाने और महिलाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। बैठक में श्रीमती शांता किशनानी को उदयपुर जिले का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।