हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती समारोह में जुटेंगे मुख्यमंत्री सहित कई दिग्गज, उदयपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Share

गांधी ग्राउंड और प्रताप गौरव केंद्र के आसपास नो फ्लाई जोन घोषित, कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त
उदयपुर, 16 जून:
महाराणा प्रताप जयंती एवं हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती समारोह को लेकर बुधवार को उदयपुर में राजनीतिक, प्रशासनिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र गांधी ग्राउंड रहेगा। समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, उदयपुर के प्रभारी मंत्री हेमंत मीणा तथा राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत सहित कई गणमान्य हस्तियां शामिल होंगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सुबह 7.50 बजे डबोक एयरपोर्ट पहुंचेंगे और सर्किट हाउस से प्रस्थान कर सुबह 10.20 बजे गांधी ग्राउंड में आयोजित समारोह में भाग लेंगे। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सुबह 7.40 बजे डबोक पहुंचेंगे, जबकि केंद्रीय राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी सुबह 7.48 बजे रेलमार्ग से उदयपुर पहुंचकर समारोह में शामिल होंगे।
वीआईपी आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट गौरव अग्रवाल ने प्रताप गौरव केंद्र तथा महाराणा भूपाल स्टेडियम (गांधी ग्राउंड) के आसपास के क्षेत्र को 16 जून शाम 6 बजे से 17 जून शाम 6 बजे तक नो फ्लाई जोन घोषित किया है। इस दौरान ड्रोन, यूएवी और हॉट एयर बैलून के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थलों पर कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। मावली एसडीएम रमेश सिरवी को डबोक एयरपोर्ट, बड़गांव एसडीएम मनसुखराम डामोर को प्रताप गौरव केंद्र तथा गिर्वा एसडीएम अवुला साईकृष्ण को गांधी ग्राउंड मंच क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।