मुख्यमंत्री ने शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

Share


उदयपुर, 17 जून: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को उदयपुर विकास प्राधिकरण परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर जनकल्याणकारी योजनाओं और शिविरों के संबंध में फीडबैक लिया तथा अधिकारियों को आमजन की परिवेदनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी लक्ष्य के तहत प्रदेशभर में शहरी और ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पट्टा वितरण, नामांतरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, शुद्धिकरण सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रकरणों का त्वरित समाधान किया जा रहा है। लंबित मामलों के लिए फॉलोअप शिविर भी लगाए जाएंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को पट्टे, प्रमाण पत्र, सहायता राशि के चेक तथा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर समस्याओं के समाधान की जानकारी ली। कार्यक्रम में मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।