निःसंतान दंपती ने कुएं में कूदकर दी जान

Share

पांच दिन बाद घर के पास कुएं में मिले शव, अवसाद और पारिवारिक तनाव की आशंका
बांसवाड़ा, 25 अप्रैल:
बांसवाड़ा जिले के अरथूना थाना क्षेत्र में निःसंतान दंपती द्वारा कुएं में कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पांच दिन से लापता पति-पत्नी के शव शनिवार सुबह घर से करीब 300 मीटर दूर एक कुएं में मिले। कुएं से तेज बदबू आने पर ग्रामीण ने अंदर झांककर देखा तो दोनों के शव पानी में दिखाई दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने खाट से रस्सी बांधकर शवों को बाहर निकाला।
डीएसपी बाबूलाल ने बताया कि मृतकों की पहचान मुकेश पारगी (34) और उसकी पत्नी धापू (25) के रूप में हुई है। दोनों 21 अप्रैल की रात घर से बिना बताए निकल गए थे। अगले दिन घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चलने पर 22 अप्रैल को अरथूना थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी।
शनिवार सुबह एक ग्रामीण भैंस चरा रहा था। इसी दौरान कुएं से दुर्गंध आने पर उसने अंदर देखा तो शव दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शव बाहर निकलवाए और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपती की शादी चार साल पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। इसी कारण दोनों मानसिक तनाव में थे। मृतक मुकेश मुंबई में काम करता था और 19 अप्रैल को गांव लौटा था। घटना वाली रात वह मोबाइल और पर्स घर पर छोड़ गया था। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।