उदयपुर, 11 जुलाई: राजकीय सीनियर सेकेंडरी विद्यालय विजय बावड़ी, गोगुंदा में सद्भाव सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में स्वच्छता, पर्यावरण और स्वास्थ्य विषयक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर आकर्षक पोस्टर बनाए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं स्टेशनरी वितरित की गई। फाउंडेशन अध्यक्ष ओम अग्रवाल ने स्वच्छता, पौष्टिक आहार और समय के सदुपयोग का महत्व समझाया। सुरेश अग्रवाल ने बच्चों से मेहनत कर देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का आह्वान किया, जबकि भवानी शंकर ने सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं पर विचार रखे। विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।