प्रारंभिक सर्वे पूरा, रेल परियोजनाओं से बदल सकती है क्षेत्र की तस्वीर
चित्तौड़गढ़, 8 जुलाई: चित्तौड़गढ़ जिले को देश के हाई स्पीड रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। बुलेट ट्रेन परियोजना की प्रारंभिक सर्वे प्रक्रिया पूरी हो गई है और प्रस्तावित योजना में चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र में दो स्टेशन बनने की संभावना जताई गई है।
सांसद सीपी जोशी ने बताया कि जहां अन्य क्षेत्रों में एक स्टेशन प्रस्तावित है, वहीं चित्तौड़गढ़ और देबारी में दो स्टेशन बनने की संभावना है। उन्होंने कहा कि परियोजना को धरातल पर उतरने में समय लगेगा, लेकिन इसके पूरा होने पर मेवाड़ क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा और बड़े शहरों तक पहुंच आसान होगी।
उन्होंने बताया कि जिले में नई रेल लाइन, ट्रैक डबलिंग, इलेक्ट्रिफिकेशन और स्टेशन विकास के कई कार्य भी तेजी से चल रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। साथ ही अहमदाबाद और मुंबई तक बेहतर रेल संपर्क स्थापित करने के लिए नई ट्रेन सेवाओं पर भी काम जारी है।