फेंसिंग में फंसा था पैकेट, प्रहरियों की सतर्कता से कैदियों तक पहुंचने से पहले पकड़ा; अज्ञात के खिलाफ एफआईआर
चित्तौड़गढ़, 26 अक्टूबर: चित्तौड़गढ़ जिला कारागृह में बंद कैदियों तक नशे का सामान पहुंचाने की कोशिश नाकाम हो गई। गश्त के दौरान जेल की बाहरी दीवार की फेंसिंग में चमकीली पन्नी में लिपटा संदिग्ध पैकेट मिला। जांच में उसमें 34 ग्राम अफीम, 13 ग्राम गांजा और 109 ग्राम जर्दा पाया गया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेल प्रशासन के अनुसार दोपहर करीब एक बजे वार्ड-बी में गश्त के दौरान प्रहरी नेमीचंद की नजर बैरक नंबर-7 के पास शौचालय के पीछे दीवार पर फंसे पैकेट पर पड़ी। उन्होंने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। इसके बाद कारापाल लोकोज्जवल सिंह और प्रहरियों ने सीढ़ी की मदद से पैकेट नीचे उतारा।
पुलिस ने सामान जब्त कर दर्ज की एफआईआर
पैकेट में अलग-अलग पन्नियों में संदिग्ध मादक पदार्थ और जर्दा मिला। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस रात करीब 11 बजे जेल पहुंची। जेल कर्मचारियों की मौजूदगी में सामान का वजन कर उसे जब्त किया गया। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
जेल अधीक्षक मुरली मनोहर सुथार ने बताया कि प्रहरियों की सतर्कता से सामान जेल के भीतर पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया। पुलिस अब जांच कर रही है कि पैकेट किसने फेंका और इसे किस कैदी तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी।