चित्तौड़गढ़ के कराटे खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय मंच पर जलवा

Share

कोलकाता में 10वीं इंटरनेशनल चैंपियनशिप में जीते 13 पदक, अब एसजीएफआई स्कूल गेम्स पर नजर
चित्तौड़गढ़, 3 अगस्त:
चित्तौड़गढ़ के युवा कराटे खिलाड़ियों ने कोलकाता में आयोजित 10वीं इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप इंडियन चैलेंजर कप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले की झोली में 13 पदक डाले। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में भारत सहित श्रीलंका, मलेशिया, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश के करीब 8,000 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए चित्तौड़गढ़ के 13 खिलाड़ी प्रतियोगिता में उतरे और सभी ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
सब जूनियर वर्ग में रुद्राक्ष बैरवा ने स्वर्ण, अयांश कौशिक ने रजत तथा फेरिया, माहेनूर शेख और जीशान शेख ने कांस्य पदक जीते। जूनियर वर्ग में एकांश अगनानी और ध्रुव गौर ने स्वर्ण, देवांश अमरवाल ने रजत तथा जतिन लोढ़ा और पीयूष गाडरी ने कांस्य पदक अपने नाम किए। वहीं कैडेट वर्ग में फैज़ान अंसारी और किरण कुमावत ने रजत तथा रोचित कुमावत ने कांस्य पदक जीता।
वॉरियर्स एकेडमी के कोच मोहित वैष्णव और शाकिर हुसैन ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनके नियमित अभ्यास और अनुशासन को दिया। उन्होंने बताया कि एकेडमी के खिलाड़ी पहले भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं और अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
कोचों ने बताया कि अब यही खिलाड़ी जल्द श्रीगंगानगर में आयोजित होने वाली स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) प्रतियोगिता में भाग लेंगे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि बेहतर प्रशिक्षण और निरंतर मेहनत से छोटे शहरों के खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।