पानी, सफाई, सड़क और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर अधिकारियों की क्लास; 30 जून तक गड्ढे भरने के निर्देश
उदयपुर, 8 जून: मानसून से पहले शहर की मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए आयोजित समीक्षा बैठक में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन का सख्त रुख देखने को मिला। नगर निगम में हुई बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वास्थ्य अधिकारी के फोन नहीं उठाने की शिकायत पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए उन्हें फटकार लगाई और भविष्य में जनता व जनप्रतिनिधियों के फोन का तत्काल जवाब देने के निर्देश दिए।
बैठक में शहर के पुराने क्षेत्रों में कम प्रेशर से जलापूर्ति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। विधायक ने जलदाय विभाग (PHED) अधिकारियों को पाइपलाइन संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर हर घर तक पर्याप्त दबाव से पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों की खुदाई से जुड़ी लंबित समस्याओं को भी जल्द निपटाने को कहा।
मानसून से पहले सफाई और सड़क सुधार पर जोर
विधायक ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी बड़े नालों की सफाई मानसून से पहले पूरी कर ली जाए। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताते हुए सात दिन के भीतर प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। खाली भूखंडों में कचरा डालने वालों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
रोड लाइट और सीवरेज पर भी सख्ती
सड़क सुधार कार्यों की समीक्षा करते हुए विधायक ने 30 जून तक गड्ढे भरने और स्वीकृत 23 विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। बंद पड़ी रोड लाइटों को दुरुस्त करने के लिए बिजली विभाग को सात दिन का अल्टीमेटम दिया गया। वहीं स्मार्ट सिटी क्षेत्र में दूषित जलापूर्ति, फिसलन वाली सड़कों और सीवरेज कार्यों में लापरवाही पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।