जयपुर-उदयपुर इंटरसिटी ट्रेन में बढ़े डिब्बे

Share

तीन ट्रेनों में अस्थायी रूप से कोच बढ़ाए, यात्रियों को वेटिंग से मिलेगी राहत
उदयपुर, 9 सितंबर : यात्रियों की बढ़ती भीड़ और अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने तीन ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त डिब्बे लगाने का निर्णय लिया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि अलग-अलग रूटों पर निर्धारित अवधि के लिए कोच बढ़ाए जा रहे हैं।
गाड़ी संख्या 20993/20994 जयपुर-उदयपुर इंटरसिटी रेलसेवा में जयपुर से 10 से 30 सितंबर तक तथा उदयपुर सिटी से 11 सितंबर से 1 अक्टूबर तक एक द्वितीय साधारण श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा। इससे इस रूट पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 20987/20988 उदयपुर सिटी-असारवा रेलसेवा में उदयपुर सिटी से 10 से 30 सितंबर और असारवा से 11 सितंबर से 1 अक्टूबर तक एक द्वितीय साधारण श्रेणी का अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा।
गाड़ी संख्या 20995/20996 अजमेर-बांद्रा टर्मिनस रेलसेवा में भी अस्थायी कोच बढ़ाए गए हैं। अजमेर से 12 से 26 सितंबर तक तथा असारवा से 13 से 27 सितंबर तक दो द्वितीय शयनयान श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे।
रेलवे के इस निर्णय से आगामी दिनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को वेटिंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। विशेषकर स्लीपर कोच बढ़ने से लंबी दूरी के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।