उदयपुर, 3 अक्टूबर: द मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट, न्यूयॉर्क और सिटी पैलेस म्यूजियम, उदयपुर के बीच 21 सितंबर से 2 अक्टूबर तक दो सप्ताह की सहयोगात्मक कार्यशाला का दूसरा चरण सम्पन्न हुआ। इसमें संग्रहालय की शिक्षा, संरक्षण और इमेजिंग टीमों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच ज्ञान, विशेषज्ञता और अनुभवों का आदान-प्रदान बढ़ाना रहा।
कार्यशाला के दौरान द मेट की टीम ने मेवाड़ के 77वें श्री एकलिंग दीवान एवं महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से मुलाकात की। इस दौरान कला, विरासत, संग्रह, शोध और संरक्षण के क्षेत्र में भविष्य के सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि नवंबर 2025 में आयोजित कार्यशाला के प्रथम चरण के बाद यह दूसरा चरण था। कार्यशाला में कलाकृतियों की स्टूडियो एवं स्थल-आधारित फोटोग्राफी, डिजिटल इमेजिंग और पोस्ट-प्रोसेसिंग का प्रशिक्षण दिया गया। चित्रकला, रजत कलाकृतियों, परिधान, हथियार, कवच, भित्तिचित्र और ग्लास इनले वर्क की उच्च गुणवत्ता वाली इमेजिंग तकनीकों पर काम किया गया। शिक्षा सत्रों में समावेशी विजिटर गाइड विकसित करने पर भी जोर दिया गया।