जेलाना गांव के पास हुआ भीषण हादसा, दोनों शवों की शिनाख्त में जुटी पुलिस
डूंगरपुर, 27 अगस्त: रामसागड़ा थाना क्षेत्र के जेलाना गांव के पास गुरुवार को दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों पर सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस तथा 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई।
पहचान के प्रयास जारी
सूचना पर रामसागड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल डूंगरपुर की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार मृतकों के पास से तत्काल कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला है। ऐसे में दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त बाइकों के नंबर और आसपास के ग्रामीणों की मदद से मृतकों की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।