प्रदूषण, शोर और दुर्घटना के खतरे से मिलेगी राहत, निगम आयुक्त का बड़ा फैसला
उदयपुर, 12 जून: शहर की ऐतिहासिक धरोहर और हरित फेफड़े माने जाने वाले गुलाब बाग को प्रदूषण और अव्यवस्था से मुक्त रखने के लिए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने उद्यान परिसर में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इस निर्णय के बाद अब गुलाब बाग का शांत और प्राकृतिक वातावरण पहले से अधिक सुरक्षित और स्वच्छ नजर आएगा।
निगम आयुक्त ने बताया कि उद्यान परिसर में स्थित सरकारी कार्यालयों, मंदिर और आवासीय क्षेत्रों से जुड़े लोग नियमित रूप से वाहनों का उपयोग कर अंदर तक पहुंच रहे थे। इससे मॉर्निंग वॉक करने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही ध्वनि और वायु प्रदूषण भी बढ़ रहा था।
कई बार हुए निरीक्षणों और प्रकृति प्रेमियों की शिकायतों के बाद यह निर्णय लिया गया। निगम ने स्पष्ट किया है कि निजी और सरकारी दोनों तरह के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। निगम का मानना है कि इस फैसले से गुलाब बाग का वातावरण अधिक शांत, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बन सकेगा।
वाहन पार्किंग की वैकल्पिक व्यवस्था
- सिंह द्वार पार्किंग
- टॉय ट्रेन गेट पार्किंग
- पीएचईडी कार्यालय के पास पार्किंग
विशेष अनुमति पर ही प्रवेश
- आपात या विशेष परिस्थितियों में ही वाहन प्रवेश
- पूर्व लिखित अनुमति अनिवार्य
- बिना अनुमति किसी वाहन को प्रवेश नहीं