गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं को भेजे संदेश, घरेलू सिलेंडर की बुकिंग पर भी पड़ सकता है असर
उदयपुर, 29 जुलाई: राजस्थान में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं को मोबाइल संदेश भेजकर 15 अगस्त तक आधार आधारित ई-केवाईसी पूरी करने को कहा है। निर्धारित समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर एलपीजी सब्सिडी बंद होने के साथ घरेलू दर पर सिलेंडर की बुकिंग भी प्रभावित हो सकती है।
निर्देश प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के साथ-साथ सामान्य घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं पर भी लागू होंगे। प्रदेशभर की गैस एजेंसियों ने ई-केवाईसी अभियान तेज कर दिया है। सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वाले हॉकर भी उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी दे रहे हैं।
क्या होगा असर, जल्द आएगी स्पष्ट गाइडलाइन
गैस एजेंसियों का कहना है कि ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं पर क्या अंतिम कार्रवाई होगी, इसे लेकर तेल कंपनियों की विस्तृत गाइडलाइन का इंतजार है। हालांकि इतना स्पष्ट है कि सब्सिडी का लाभ और घरेलू श्रेणी की सुविधाएं ई-केवाईसी से जुड़ी रहेंगी।
ऐसे कराएं एलपीजी ई-केवाईसी
ई-केवाईसी कराने के लिए उपभोक्ता अपने आधार कार्ड और गैस उपभोक्ता नंबर के साथ संबंधित गैस एजेंसी जाएं। वहां बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से आधार का मिलान किया जाएगा। कई स्थानों पर गैस डिलीवरी कर्मी भी हैंडहेल्ड डिवाइस के जरिए घर-घर जाकर ई-केवाईसी की सुविधा दे रहे हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपभोक्ता का आधार एलपीजी कनेक्शन से लिंक हो जाएगा और सब्सिडी का लाभ निर्बाध मिलता रहेगा।