ऑटो ड्राइवर ने साथियों संग होड़ा चौराहे पर किया हमला; अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
चित्तौड़गढ़, 22 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): भदेसर थाना क्षेत्र के होड़ा चौराहे पर शनिवार दोपहर सवारियां बैठाने को लेकर हुए विवाद में ऑटो ड्राइवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्राइवेट बस कंडक्टर की हत्या कर दी। मृतक की पहचान नाहरगढ़ निवासी 52 वर्षीय जगन्नाथ गुर्जर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, भादसोड़ा चौराहे पर निजी बसों और ऑटो चालकों के बीच सवारियों को लेकर लंबे समय से विवाद चलता रहा है। शनिवार दोपहर भी इसी बात पर जगन्नाथ गुर्जर और ऑटो ड्राइवर सत्यनारायण कलाल के बीच बहस हो गई। बहस के बाद जगन्नाथ बस में सवार होकर आगे बढ़ गया, लेकिन नाराज सत्यनारायण ने अन्य ऑटो चालकों के साथ उसका पीछा किया।
होड़ा चौराहे पर बस रुकते ही आरोपियों ने जगन्नाथ को घेर लिया और ईंट व सरिये से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंचे ग्रामीण कन्हैया लाल ने एम्बुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि जगन्नाथ ने दम टूटने से पहले सत्यनारायण का नाम लिया था। पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सत्यनारायण फरार है, जिसकी तलाश जारी है।