पुलिस-प्रशासन के कथित दुरुपयोग पर कांग्रेस का कड़ा विरोध

Share

नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों-कार्यकर्ताओं पर दबाव का आरोप, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण की मांग
उदयपुर, 18 सितंबर:
नगर निगम चुनाव के दौरान कांग्रेस समर्थित पार्षदों, प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों पर पुलिस एवं प्रशासन के माध्यम से अनावश्यक दबाव बनाए जाने के आरोप लगाते हुए उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध जताया है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में जिला पुलिस उप अधीक्षक जिला मुख्यालय मुकुल शर्मा को जिला पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव आवश्यक हैं। किसी भी राजनीतिक दल के प्रत्याशी या कार्यकर्ता को पुलिस-प्रशासन के माध्यम से भयभीत या दबाव में नहीं लिया जाना चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई वैधानिक शिकायत या अपराध से संबंधित तथ्य हैं तो नियमानुसार निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई की जाए, लेकिन राजनीतिक पहचान के आधार पर किसी को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका का सम्मान करती है, लेकिन राजनीतिक आधार पर कार्रवाई स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी दलों और प्रत्याशियों को समान अवसर और सुरक्षा देने की मांग की।
ज्ञापन में शिकायतों की निष्पक्ष जांच, सरकारी मशीनरी के कथित राजनीतिक दुरुपयोग पर रोक तथा अधिकारियों को कानूनसम्मत तरीके से कार्य करने के निर्देश देने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल में संगठन महामंत्री अरुण टांक, महामंत्री दिनेश कुमार दवे, राजेंद्र कुमार दशोरा, मंडल अध्यक्ष ऋतुराज मिश्रा और पार्षद हिदायतुल्लाह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।