पंचायत टास्क फोर्स गांव-ढाणी तक युवाओं को जोड़ेगी, इंटरव्यू से चयन और ट्रेनिंग की तैयारी
नगर निकाय चुनाव में स्थानीय मुद्दों पर भाजपा को घेरने की रणनीति
उदयपुर, 21 अगस्त: कांग्रेस ने आगामी चुनावों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और संगठन को गांव-ढाणी तक मजबूत करने की रणनीति तैयार की है। पंचायत टास्क फोर्स के राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर अर्जुन मिश्रा ने शुक्रवार को उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चुनाव लड़ने के इच्छुक युवाओं को इंटरव्यू के माध्यम से अवसर दिया जाएगा। पढ़े-लिखे और सक्रिय युवाओं को चिन्हित कर उन्हें संगठन में जिम्मेदारियां देने के साथ प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
मिश्रा ने बताया कि ब्लॉक से लेकर गांव और ढाणी स्तर तक युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए पंचायत टास्क फोर्स की वेबसाइट भी लॉन्च की गई है, जिसके जरिए चुनाव लड़ने के इच्छुक युवाओं की जानकारी जुटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव मैदान में उतरने वाले युवाओं को संगठन की ओर से आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।
36 वार्डों में पर्यवेक्षक नियुक्त होंगे
उदयपुर देहात कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर मीणा ने बताया कि देहात क्षेत्र के 36 नगर निकाय वार्डों में संगठन की ओर से पर्यवेक्षक लगाए जा रहे हैं। तीन-तीन वार्डों पर एक पर्यवेक्षक संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता, जनसंपर्क और क्षेत्र में पकड़ का फीडबैक तैयार करेगा। पुराने पार्षदों को भी सक्रियता और काम के आधार पर मौका मिल सकता है।
272 भूखंड और स्मार्ट सिटी होंगे मुद्दे
मीणा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में भ्रष्टाचार, आपसी विवाद, 272 भूखंड मामले और स्मार्ट सिटी के नाम पर खर्च राशि जैसे मुद्दों को उठाया जाएगा। दिव्यानी कटारा ने कहा कि संगठन का लक्ष्य गांव, ढाणी और समाज के अंतिम छोर तक पहुंचना है।