ठेका कर्मचारियों का आक्रोश मार्च, नियमितीकरण की मांग तेज

Share

तीन साल से वेतन वृद्धि नहीं, प्लेसमेंट एजेंसी व्यवस्था खत्म कर सीधे भुगतान की मांग
उदयपुर, 31 जुलाई:
आरएनटी मेडिकल कॉलेज से जुड़े सरकारी अस्पतालों में कार्यरत ठेका कर्मचारियों ने शुक्रवार को कम वेतन, समय पर भुगतान नहीं होने और तीन वर्षों से वेतन वृद्धि नहीं किए जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। ठेका संघर्ष समिति के बैनर तले कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर से जिला कलेक्ट्रेट तक आक्रोश रैली निकालकर राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। समिति के प्रतिनिधि राजेश चौहान और दिनेश गुस्सर ने बताया कि वर्षों से अस्पतालों में सेवाएं देने के बावजूद कर्मचारियों का आर्थिक शोषण हो रहा है। समय पर वेतन नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो गया है, जबकि बायोमेट्रिक उपस्थिति लागू कर कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव बनाया जा रहा है। कर्मचारियों ने प्लेसमेंट एजेंसी व्यवस्था समाप्त कर विभाग द्वारा सीधे बैंक खातों में वेतन जमा करने, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने तथा नियमितीकरण की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।