सभी यूनिटें शांतिपूर्ण तरीके से बंद कराईं; संगठन ने प्रशासन पर अड़ियल रवैये का आरोप लगाया, संविदा नियम लागू करने की मांग
उदयपुर, 15 सितंबर: मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय कर्मचारी संगठन (संविदा/एसएफएस) के आह्वान पर कार्य बहिष्कार के दूसरे दिन मंगलवार को संविदाकर्मियों और एसएफएस कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय की विभिन्न यूनिटों में काम बंद रखा। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन के रवैये के विरोध में परीक्षा विभाग, गोपनीय शाखा, भू-संपत्ति कार्यालय, आईटी सेल सहित विभिन्न विभागों और यूनिटों को शांतिपूर्ण तरीके से बंद करवाया। इससे विश्वविद्यालय की कई व्यवस्थाएं प्रभावित रहीं और विद्यार्थियों को अपने कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
संगठन अध्यक्ष नारायण लाल सालवी ने बताया कि कार्य बहिष्कार के बावजूद प्रशासन की ओर से कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई। इससे कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन के अड़ियल रवैये से विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली और छवि प्रभावित हो रही है।
संगठन के अनुसार विश्वविद्यालय कला एवं मानविकी महाविद्यालय, विज्ञान महाविद्यालय के फार्मेसी विभाग, विधि महाविद्यालय और होटल मैनेजमेंट विभाग सहित अन्य यूनिटों में भी कार्य प्रभावित रहा।
संगठन ने राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट रूल्स-2022 लागू करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि 1 अक्टूबर 2022 को विश्वविद्यालय प्रबंध मंडल (बीओएम) की बैठक में इन नियमों को लागू करने के लिए अपनाया जा चुका है। कर्मचारियों ने इन्हें तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश जारी करने की मांग की है।