शक्तिनगर में जाम नालियों और बदहाल सड़कों पर फूटा लोगों का गुस्सा
उदयपुर, 20 जून: स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन की तैयारी के बीच नगर निगम प्रशासन ने शहर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। शनिवार को स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा ने वार्ड 49 और 61 के शक्तिनगर क्षेत्र का दौरा किया, जहां नालियों की खराब स्थिति और गंदगी को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई नालियां जाम हैं तथा नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी जमा हो रही है। इस पर स्वास्थ्य अधिकारी ने संबंधित टीम को दो दिनों के भीतर सभी नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एक अन्य गंभीर समस्या नालियों पर बनाए गए पक्के रैंप की सामने आई। कई दुकानदारों और मकान मालिकों ने नालियों को ढंककर स्थायी रैंप बना लिए हैं, जिससे सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। निगम प्रशासन ने ऐसे लोगों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है।
स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की टूटी सड़कों और बड़े गड्ढों पर भी चिंता जताई। बिलूचिस्तान पंचायत अध्यक्ष नानकराम कस्तूरी ने कहा कि कई मुख्य सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और पेचवर्क तक नहीं कराया गया है। इससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्वास्थ्य अधिकारी शर्मा ने बताया कि निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि नालियों की टूट-फूट और उनमें फंसे कचरे की समस्या को प्राथमिकता से दूर किया जाएगा, ताकि स्वच्छता रैंकिंग में शहर की स्थिति मजबूत हो सके।