स्वास्थ्य अधिकारी हाजिरी रजिस्टर लेकर पहुंचे फील्ड में, 30 में से 4 कर्मचारी अनुपस्थित मिले
उदयपुर, 9 जून: नगर निगम उदयपुर के स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा ने मंगलवार सुबह अंबामाता क्षेत्र में सफाई व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण कर लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्ती दिखाई। निरीक्षण के दौरान 30 में से 4 सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर अनुपस्थित पाए गए, जबकि कई स्थानों पर गंदगी, चोक नालियां और कचरे के ढेर मिलने पर संबंधित कर्मचारियों और जमादारों को फटकार लगाई गई।
हाजिरी रजिस्टर लेकर पहुंचे मैदान में
स्वास्थ्य अधिकारी सबसे पहले कुम्हारिया तालाब स्थित सेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जमादारों के मोबाइल फोन अपने पास रखवाए और हाजिरी रजिस्टर लेकर सीधे फील्ड में पहुंच गए। पी.पी. सिंघल मार्ग, अंबामाता स्कीम, टीचर्स कॉलोनी, यादव कॉलोनी, ओटीसी स्कीम, रानी रोड श्मशान घाट, रेडिसन रोड और महाकाल क्षेत्र में कर्मचारियों का भौतिक सत्यापन किया गया।
जांच के दौरान सफाई कर्मचारी लक्ष्मी, शाहीन, आशा और योगेश मौके पर कार्य करते नहीं मिले। स्वास्थ्य अधिकारी ने रजिस्टर में उनकी उपस्थिति को अनुपस्थिति में दर्ज करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
कचरे के ढेर और चोक नालियों पर नाराजगी
यादव कॉलोनी में कुछ कर्मचारी निर्धारित क्षेत्र छोड़ अन्य स्थानों पर कार्य करते मिले, जिस पर संबंधित जमादार को चेतावनी दी गई। वहीं ओटीसी स्कीम में कचरे के ढेर और सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर स्वास्थ्य अधिकारी ने नाराजगी जताई। कचरा हटाने का आश्वासन देने के बावजूद निर्धारित समय तक सफाई नहीं होने पर उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।