5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
साइबर ठगी के कई मामलों में था वांछित, ‘म्यूल हंटर’ अभियान के तहत दबोचा
उदयपुर, 10 जून: साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘म्यूल हंटर’ के तहत साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में की गई कार्रवाई में प्रतापनगर थाने के एक मामले में वांछित ध्रुव पुत्र जितेन्द्र, निवासी सर्वऋतु विलास, सूरजपोल को 9 जून को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी प्रतापनगर थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 535/2025 सहित साइबर थाना उदयपुर के पांच अन्य मामलों में भी वांछित था। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और साइबर अपराध से संबंधित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माधुरी वर्मा और उपाधीक्षक विनय चौधरी के सुपरविजन में की गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साइबर अपराध नेटवर्क के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
5 दिन में चोरी का खुलासा, बाइक चोर गिरफ्तार
खेड़वाड़ा पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद की
उदयपुर, 10 जून: खेड़वाड़ा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का महज पांच दिन में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बाइक बरामद कर ली। मामला 5 जून को रामाबावड़ी गांव के पास सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल चोरी होने से जुड़ा था।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और वृत्ताधिकारी राजीव राहड़ के सुपरविजन में थाना प्रभारी करणाराम जाट के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच करते हुए आरोपी सतीश पुत्र रूपलाल (22), निवासी रामाबावड़ी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।
थाने में FIR नहीं, महिला पहुंची एसपी के दरबा
उदयपुर, 10 जून: खेरोदा थाना क्षेत्र की एक महिला ने एफआईआर दर्ज नहीं होने पर एसपी डॉ. अमृता दुहन से न्याय की गुहार लगाई है। अडिंदा गांव निवासी बबली बाई ने आरोप लगाया कि रिश्तेदार लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। महिला ने बताया कि उसके पति ट्रक चालक हैं और अक्सर बाहर रहते हैं, जबकि बेटा पढ़ाई के लिए उदयपुर में रहता है। ऐसे में वह गांव में अकेली रहती है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। दूसरी ओर खेरोदा थानाधिकारी सुरेश विश्नोई ने बताया कि आरोपी पक्ष को छह माह के लिए पाबंद किया जा चुका है तथा दोनों पक्षों के बीच समझाइश भी की गई थी।
दूध कारोबारी पर हमले में दो और आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर, 10 जून: गोगुंदा क्षेत्र में दूध कारोबारी शंकरलाल पालीवाल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि दूध व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा के चलते मुख्य आरोपी लक्ष्मण सिंह ने शंकरलाल की हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए मुंबई के बदमाशों से एक लाख रुपए में सौदा किया गया। 2 अप्रैल को वणी गांव से दूध लेकर लौट रहे शंकरलाल पर सुनसान रास्ते में नकाबपोश बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया था। हमलावर उन्हें मृत समझकर भाग गए, लेकिन समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बच गई।
उदयपुर को दिल्ली-ओखा ट्रेनों की सौगात मिलने की उम्मीद
उदयपुर, 10 जून: रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को राहत देते हुए आगरा कैंट-असारवा साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन शुरू की है। यह ट्रेन उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और अजमेर के यात्रियों को भी लाभ पहुंचाएगी। दोनों दिशाओं में 16-16 फेरे लगाने वाली इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल सहित 24 डिब्बे होंगे। इसके साथ ही साबरमती और असारवा स्टेशन को जोड़ने वाली वाया लाइन का काम भी पूरा हो चुका है। रेल सुरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के बाद नई ट्रेनों के प्रस्तावों पर निर्णय होगा। इससे साबरमती-दिल्ली वाया उदयपुर और ओखा-नाथद्वारा ट्रेन शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। नई कनेक्टिविटी से दक्षिण राजस्थान का सीधा संपर्क सौराष्ट्र और दिल्ली से मजबूत होगा।
माइंस ब्लास्टिंग से घरों में दरारें, ग्रामीणों का विरोध
चित्तौड़गढ़, 10 जून: सांवता स्थित एक खदान में लगातार हो रही ब्लास्टिंग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि तेज विस्फोटों से मकानों में दरारें पड़ रही हैं और खेतों तक बड़े पत्थर पहुंच रहे हैं। रैदास कॉलोनी के लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद ब्लास्टिंग नहीं रुकी। 9 जून को हुए एक बड़े विस्फोट के बाद पत्थर खेतों में जा गिरे, जिससे किसान और मजदूर बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों का दावा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों, स्कूल भवन और मंदिर को भी नुकसान पहुंचा है।
खौलती कड़ाही में गिरा मासूम, पैर झुलसा
बांसवाड़ा, 10 जून: कुशलगढ़ क्षेत्र के टिंबेड़ा छोटा गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय बालक गंभीर रूप से झुलस गया। घर के आंगन में चूल्हे पर सब्जी की कड़ाही चढ़ी हुई थी। इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम आयुष चूल्हे तक पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से खौलती सब्जी की कड़ाही में गिर पड़ा। बच्चे की चीख सुनकर परिजन दौड़े और उसे तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में उसका दायां पैर बुरी तरह झुलस गया। जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है।
रोडवेज बस में लूट की कोशिश, दो युवक डिटेन
बांसवाड़ा, 10 जून: उदयपुर से इंदौर जा रही राजस्थान रोडवेज बस को रोककर चालक और परिचालक से मारपीट तथा लूट की कोशिश करने वाले दो युवकों को पुलिस ने डिटेन किया है। घटना दानपुर कस्बे में हुई, जहां बाइक सवार दोनों युवक बस के आगे बाइक लगाकर उसे रुकवाने लगे। बस रुकते ही उन्होंने चालक और परिचालक से गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी और बस में चढ़कर धमकाने लगे। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस सीधे दानपुर थाने पहुंचा दी। पुलिस ने तत्काल दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
दो बाइकों की भिड़ंत में तीन घायल
प्रतापगढ़, 10 जून: राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर चतरिया खेड़ी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी ईश्वरलाल मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार पाडलिया निवासी अजय मीणा और रमेश मीणा एक बाइक पर प्रतापगढ़ की ओर जा रहे थे, जबकि मकनपुरा निवासी नानालाल मीणा दूसरी बाइक से बांसवाड़ा की ओर आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहन टकरा गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।