सोम-कमला आम्बा के टापू से ‘डिजिटल डकैती’
जुगल कलाल
डूंगरपुर, 3 अप्रैल: डूंगरपुर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोम-कमला आम्बा डैम के बीच स्थित एक सुनसान टापू पर छापा मारकर ‘डिजिटल डकैती’ चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 12 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया। आरोपियों ने एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर देशभर में ठगी का जाल फैला रखा था।
पुलिस से बचने के लिए आरोपी टापू, जंगलों और खंडहरों में छिपकर ठगी करते थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और मौके से एक थार SUV, 25 मोबाइल फोन और 50 फर्जी सिम कार्ड जब्त किए।
ऐसे बनाते थे शिकार
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी Locanto, Skooka और Oklute जैसी वेबसाइट्स पर फर्जी विज्ञापन डालते थे। संपर्क करने वालों को इंटरनेट से डाउनलोड अश्लील फोटो भेजकर भरोसे में लेते और फिर एडवांस के नाम पर फर्जी खातों में पैसे जमा करवा लेते थे।
नाबालिगों को भी बनाया अपराधी
गिरोह ने 11 नाबालिगों को भी इस अवैध धंधे में शामिल कर उन्हें ठगी के लिए प्रशिक्षित कर दिया था। आरोपी मौज-शौक और जल्दी पैसा कमाने के लालच में इस अपराध में उतरे थे। एसपी मनीष कुमार के निर्देशन में आसपुर डिप्टी प्रभुलाल कुमावत और सीआई मदनलाल के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जांच कर रही है।