अपराध समाचार: नशे की कमाई से खरीदे चार वाहन जब्त

Share

उदयपुर, 21 जून: वल्लभनगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित आय से खरीदे गए चार वाहनों को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी विपिन पुत्र मांगू लंबे समय से पश्चिमी राजस्थान के तस्करों को संरक्षण और सहयोग प्रदान करता था। जांच में सामने आया कि उसने अवैध कमाई से दो कार, एक लोडिंग टेम्पो और एक ट्रैक्टर खरीदा था। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत संपत्तियों को चिन्हित कर जब्त किया गया। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है।

पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या की
राजसमंद, 21 जून:
भीम थाना क्षेत्र के मादाजी गांव में घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार देर रात पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपी जगदीश सिंह ने अपनी पत्नी माया देवी (30) पर धारदार कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वारदात के बाद उसने खुद पर भी वार किए, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मृतका के भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

हत्या मामले में दूसरे दिन भी नहीं हुआ पोस्टमार्टम
डूंगरपुर, 21 जून:
रामसागड़ा क्षेत्र के रेटा गांव में मजदूर सुखराम आमालिया की हत्या के बाद दूसरे दिन भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। परिजन आरोपी को फांसी, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठे हैं। पुलिस ने आरोपी विश्राम आहारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार दोनों के बीच गुजरात में मजदूरी के दौरान विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश गांव लौटने के बाद भी बनी रही। इसी विवाद में आरोपी ने चाकू से हमला कर सुखराम की हत्या कर दी। प्रशासन परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहा है।

सड़क हादसे में घायल वृद्धा की एक माह बाद मौत
बांसवाड़ा, 21 जून:
आंबापुरा थाना क्षेत्र की 62 वर्षीय कमला देवी की सड़क दुर्घटना में घायल होने के एक माह बाद मौत हो गई। 21 मई को बाइक हादसे में घायल होने के बाद उनका उपचार चल रहा था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उदयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों ने हादसे के बाद गहने लूटने का आरोप लगाया था, जिसकी जांच जारी है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक जब्त कर ली थी और संबंधित लोगों से पूछताछ भी की थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

नाबालिग को काम पर नहीं रखा, ठेकेदार पर फावड़े से हमला
बांसवाड़ा, 21 जून:
बागीदौरा क्षेत्र में निर्माण कार्य की साइट पर नाबालिग मजदूर के पिता ने ठेकेदार पर फावड़े से हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार ठेकेदार करण ने नाबालिग को उसकी उम्र कम होने के कारण काम पर रखने से मना कर दिया था। इससे नाराज होकर नाबालिग अपने पिता को बुलाकर लाया। आरोप है कि पिता ने गाली-गलौज के बाद फावड़े से हमला कर दिया, जिससे करण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट मिलने पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पति से विवाद के बाद महिला ने जहर खाया, मौत
बांसवाड़ा, 21 जून:
दानपुर थाना क्षेत्र के मकनपुरा गांव में पति-पत्नी के विवाद के बाद 20 वर्षीय महिला रामी ने जहरीला पदार्थ पी लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शनिवार रात हुए विवाद के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शादी को ढाई वर्ष ही हुए थे। पीहर पक्ष ने महिला के पति पर संदेह जताया है। पुलिस ने नियमानुसार एसडीएम को सूचना देकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है।