विद्या भवन पॉलिटेक्निक के स्थापना दिवस पर गुरु-शिष्यों का भावुक मिलन, नवाचार और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
उदयपुर, 10 मई: राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि आने वाला समय केवल डिग्रीधारकों का नहीं, बल्कि नवाचार, चरित्र और राष्ट्रभावना से युक्त युवाओं का होगा। तकनीकी ज्ञान के साथ नैतिकता, अनुशासन और संस्कार भी उतने ही जरूरी हैं।
वे विद्या भवन पॉलिटेक्निक की एलुमनाई एसोसिएशन के स्थापना दिवस समारोह में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पूर्व शिक्षक और प्राचार्य रहे देवनानी अपने पुराने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर भावुक नजर आए। गुरु-शिष्यों के अनोखे मिलन ने समारोह को यादगार बना दिया।
देवनानी ने कहा कि भारत को ऐसे अभियंताओं की जरूरत है जो तकनीकी रूप से दक्ष होने के साथ प्रकृति संरक्षण, ईमानदारी, संयम और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को भी अपनाएं। उन्होंने युवाओं से नौकरी तक सीमित न रहकर रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शहर विधायक ताराचंद जैन, विद्या भवन सोसायटी अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र कुमार तायलिया और प्राचार्य डॉ. अनिल मेहता ने भी विचार रखे। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों और नई कार्यकारिणी का सम्मान एवं शपथ ग्रहण भी कराया गया।