केस से नाम हटाने के बदले मांग रहे थे पैसे
उदयपुर, 5 मई: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की डूंगरपुर इकाई ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर थाने के एक एएसआई और उसके दलाल पूर्व पार्षद को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों साइबर फ्रॉड के एक मामले में परिवादी की बेटी और दामाद का नाम हटाने के बदले रिश्वत की मांग कर रहे थे।
एसीबी चौकी प्रभारी रतनसिंह राजपुरोहित के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि साइबर थाने में पदस्थ एएसआई मदनलाल, पूर्व पार्षद डायालाल पाटीदार के माध्यम से 2 लाख रुपए की मांग कर रहा है। शिकायत के सत्यापन के बाद सौदा 1 लाख रुपए में तय हुआ। इसके बाद एसीबी टीम ने ट्रैप बिछाकर दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
कार्रवाई शहर के बीचों-बीच हुई, जिससे पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया। फिलहाल एसीबी की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि एएसआई मदनलाल का करीब चार महीने पहले ही हेड कॉन्स्टेबल से प्रमोशन हुआ था और वह उसी के बाद भी साइबर सेल में कार्यरत था। इस कार्रवाई ने विभाग में भ्रष्टाचार पर सख्ती का स्पष्ट संदेश दिया है।