कर्ज में डूबा शराब कारोबारी बना अफीम तस्कर, 25 हजार का इनामी चित्तौड़गढ़ में गिरफ्तार

Share

तीन राज्यों में फैला रखा था नेटवर्क, बस और कुरियर से करता था सप्लाई; शादी से लौटते समय ANTF ने दबोचा
चित्तौड़गढ़, 22 जुलाई:
खेती और शराब कारोबार में लगातार घाटा होने के बाद आठवीं पास एक कारोबारी ने जल्दी पैसा कमाने के लालच में अफीम तस्करी का रास्ता अपना लिया। करीब एक वर्ष से पुलिस को चकमा दे रहे 25 हजार रुपए के इनामी तस्कर सुखलाल आंजना को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर चित्तौड़गढ़ में गिरफ्तार कर लिया।
आईजीपी विकास कुमार ने बताया कि मध्यप्रदेश के मंदसौर निवासी आरोपी पर राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात में एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। दौसा में एनडीपीएस का मामला दर्ज होने के बाद वह फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह भीलवाड़ा में एक शादी समारोह में आया है। लौटते समय चित्तौड़गढ़-निंबाहेड़ा रोड स्थित ओछड़ी टोल के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी के पिता के नाम वैध अफीम खेती का पट्टा था, जिससे उसे अफीम उत्पादन और तस्करी के नेटवर्क की पूरी जानकारी थी। वह अपने खेत के अलावा आसपास के किसानों से अफीम एकत्र कर राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात के तस्करों तक पहुंचाता था। पुलिस से बचने के लिए वह बस और कुरियर के जरिए पार्सल भेजता, अलग-अलग वाहन और रास्ते बदलता तथा व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से संपर्क रखता था।
आईजीपी ने बताया कि सुखलाल मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया गया 11वां बड़ा अफीम तस्कर है। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और अवैध सप्लाई चैन की जांच में जुटी हुई है।