यूडीए में शामिल गांवों का विधायक और कलेक्टर ने किया दौरा
उदयपुर, 15 जून: उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के साथ हाल ही में यूडीए की परिधि में शामिल किए गए अलसीगढ़, पोपल्टी, फांदा, उंदरी खुर्द, चोकड़िया और नया गुड़ा गांवों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने इन गांवों को आदिवासी एवं पहाड़ी क्षेत्र बताते हुए यूडीए में शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई।
विधायक मीणा ने कहा कि इन क्षेत्रों में दूर-दराज ढाणियों और पहाड़ियों पर बसे ग्रामीण प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर हैं तथा वर्तमान परिस्थितियों में यहां शहरी विकास की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि यूडीए में शामिल होने से क्षेत्र का विकास नहीं होगा, बल्कि भूमाफिया सस्ती कीमतों पर जमीन खरीदकर प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाएंगे।
दौरे के दौरान जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने भी माना कि पहाड़ी एवं दूरस्थ क्षेत्रों को वर्तमान परिस्थितियों में यूडीए में शामिल नहीं किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि आने वाले कई वर्षों तक इन क्षेत्रों में शहरी विकास की संभावनाएं सीमित हैं।
निरीक्षण के दौरान एक जरूरतमंद आदिवासी परिवार की स्थिति भी सामने आई, जो मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। वन भूमि संबंधी प्रक्रियाओं के कारण उसे प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
दौरे में पूर्व प्रधान तख्तसिंह शक्तावत, मंडल अध्यक्ष सुनील चौधरी, धर्मचंद मीणा, कैलाश मीणा, मांगीलाल खराड़ी सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।