लाखेरी ACC सीमेंट उद्योग शुरू कराने की मांग राष्ट्रीय मंच पर गूंजी

Share

इंटक की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पूर्व राज्यमंत्री जगदीश राज श्रीमाली ने उठाया मुद्दा, 5 हजार श्रमिक परिवारों की आजीविका बचाने की अपील
उदयपुर, 30 जून:
चार माह से बंद पड़े लाखेरी स्थित ACC सीमेंट उद्योग को दोबारा शुरू कराने का मुद्दा राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) की 316वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। राजस्थान इंटक के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यमंत्री जगदीश राज श्रीमाली ने उद्योग बंद होने से प्रभावित 4 से 5 हजार श्रमिक परिवारों की आजीविका का हवाला देते हुए संयंत्र को शीघ्र चालू कराने की मांग की।
बेंगलुरु में 28-29 जून को आयोजित बैठक में श्रीमाली ने बताया कि करीब 125 वर्ष पुराने इस ब्रिटिशकालीन सीमेंट संयंत्र का अधिग्रहण अडाणी समूह द्वारा किए जाने के बाद कच्चे माल की कमी का हवाला देकर इसे चार माह पहले बंद कर दिया गया। इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. संजीव रेड्डी सहित राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने श्रमिक हितों की रक्षा के लिए इस मांग का समर्थन किया।
बैठक में कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद, ऊर्जा मंत्री के.जे. जॉर्ज सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। श्रमिक विरोधी बताए जा रहे चार लेबर कोड, महंगाई, बेरोजगारी और निजीकरण के खिलाफ संघर्ष तेज करने का भी आह्वान किया गया। उदयपुर लौटने पर श्रीमाली ने कहा कि इंटक श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।