39 वार्डों में सीधा मुकाबला, 41 में त्रिकोणीय-बहुकोणीय जंग

Share

भाजपा-कांग्रेस के 13 बागी मैदान में डटे, 80 वार्डों में 220 प्रत्याशी; जानिए किस वार्ड में कौन आमने-सामने
उदयपुर, 4 सितंबर
: नगर निकाय चुनाव-2026 में नाम वापसी के बाद उदयपुर नगर निगम की चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। 80 वार्डों में अब 220 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 39 वार्ड ऐसे हैं, जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि 41 वार्डों में दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के साथ अन्य दलों और निर्दलीयों ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। खास बात यह है कि भाजपा-कांग्रेस के 13 बागी भी नाम वापस नहीं लेने के कारण चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। इनमें कांग्रेस के 12 और भाजपा का एक बागी प्रत्याशी शामिल है।
नामांकन प्रक्रिया में कुल 333 प्रत्याशियों ने 379 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। संवीक्षा के दौरान 74 नामांकन निरस्त हुए और 272 वैध नामांकन बचे। इसके बाद गुरुवार को 52 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया। अब अंतिम रूप से 220 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें माकपा के 3, भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) के 9, बसपा के 3, आम आदमी पार्टी का एक तथा 43 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं।
वार्डवार तस्वीर में कई मुकाबले खास हैं। वार्ड 1 में भाजपा के दीपक शर्मा और कांग्रेस के संजय शर्मा आमने-सामने हैं। वार्ड 8 में भाजपा की शम्मा परवीन, कांग्रेस की रुखसार खान के साथ बीएपी और निर्दलीय प्रत्याशी भी हैं। वार्ड 12 में छह प्रत्याशी मैदान में हैं। वार्ड 24 में भाजपा के पारस सिंघवी और कांग्रेस की दीपिका कुमावत के बीच मुकाबला है। वार्ड 25 में आप प्रत्याशी की मौजूदगी है। वार्ड 30 में माकपा प्रत्याशी मुकाबले में हैं। वार्ड 31 में माकपा सहित कई प्रत्याशी हैं। वार्ड 41, 42, 43 और 79 में बीएपी ने भी चुनौती दी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि अब सभी 80 वार्डों में चुनावी तस्वीर अंतिम है और प्रत्याशियों की संख्या 220 रह गई है।-