उदयपुर से मुंबई-बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ानें

Share

15 अक्टूबर से अकासा एयर शुरू करेगी डेली सेवा, टिकट बुकिंग शुरू
उदयपुर, 27 जून: झीलों की नगरी उदयपुर की हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा विस्तार मिलने जा रहा है। बजट एयरलाइन अकासा एयर 15 अक्टूबर से उदयपुर को देश के दो प्रमुख महानगरों मुंबई और बेंगलुरु से दैनिक नॉन-स्टॉप उड़ानों के जरिए जोड़ेगी। नई सेवा शुरू होने से पर्यटन, व्यापार, डेस्टिनेशन वेडिंग और कॉर्पोरेट यात्राओं को नया बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कंपनी ने दोनों रूटों पर टिकटों की बुकिंग अपनी वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अधिकृत ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से शुरू कर दी है।
जारी समय-सारणी के अनुसार बेंगलुरु से उड़ान सुबह 10:55 बजे उदयपुर पहुंचेगी तथा वापसी में 11:35 बजे रवाना होकर दोपहर 1:55 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। वहीं मुंबई से विमान दोपहर 1 बजे उदयपुर पहुंचेगा और 1:40 बजे वापस मुंबई के लिए उड़ान भरेगा। अकासा एयर के सह-संस्थापक एवं मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन ने कहा कि उदयपुर देश का प्रमुख पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग हब है। महानगरों से बढ़ती मांग को देखते हुए यह सेवा शुरू की जा रही है, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और किफायती हवाई यात्रा का विकल्प मिलेगा।