उदयपुर-जयपुर वंदे भारत ट्रेन फिर शुरू होने की चर्चा तेज

Share

उदयपुर असावरा वंदे भारत में यात्री भार 18 फीसदी ही
उदयपुर, 5 मई:
उदयपुर-जयपुर वंदे भारत ट्रेन को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पहले कम यात्री भार के चलते इस ट्रेन को बंद कर दिया गया था, लेकिन अब इसे दोबारा शुरू करने या वर्तमान उदयपुर-असावरा वंदे भारत को जयपुर तक बढ़ाने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार उदयपुर से जयपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन में यात्री भार 70 से 100 प्रतिशत तक पहुंच जाता था, जिससे यह रूट काफी लोकप्रिय माना गया। इसके विपरीत, बाद में शुरू की गई उदयपुर-असावरा वंदे भारत ट्रेन को अपेक्षित प्रतिसाद नहीं मिला और इसमें महज 18 प्रतिशत तक ही यात्री भार दर्ज किया गया। कम यात्रियों के कारण इस रूट की व्यवहारिकता पर सवाल उठने लगे।
रेलवे सूत्रों का मानना है कि उदयपुर-जयपुर रूट पर्यटन और व्यावसायिक दृष्टि से अधिक महत्वपूर्ण है। जयपुर, राज्य की राजधानी होने के साथ-साथ प्रमुख पर्यटन केंद्र भी है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन की मांग लगातार बनी हुई है।
यदि उदयपुर-असावरा वंदे भारत को जयपुर तक बढ़ाया जाता है, तो इससे यात्री भार में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। साथ ही, इससे यात्रियों को तेज, आरामदायक और समय की बचत करने वाली सेवा भी उपलब्ध होगी।
हालांकि, रेलवे की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन लगातार बढ़ती मांग और पुराने आंकड़ों को देखते हुए इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।