जिला चिकित्सालय को मिली आधुनिक सुविधाओं की सौगात

Share

नई मशीनों से जांच और ऑपरेशन होंगे आसान, मरीजों को मिलेगा बेहतर उपचार
उदयपुर, 19 अप्रैल
: शहर के आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज से संबद्ध श्री सुन्दरसिंह भण्डारी राजकीय जिला चिकित्सालय, अम्बामाता को रविवार को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की बड़ी सौगात मिली। शहर विधायक ताराचंद जैन ने मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत प्राप्त अत्याधुनिक उपकरणों का लोकार्पण किया। नए उपकरणों के शुरू होने से अब मरीजों को बेहतर, तेज और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन ने बताया कि अस्पताल को डिजिटल रेडियोग्राफी (डीआर) एक्स-रे मशीन, लेप्रोस्कोपी मशीन, 4डी कलर डॉप्लर सोनोग्राफी मशीन, ऑपरेटिंग हिस्ट्रोस्कोप, डिजिटल वीडियो कोल्पोस्कोप, एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन, आधुनिक ओटी टेबल सहित नेत्र एवं नवजात शिशु उपचार से जुड़े कई आधुनिक उपकरण मिले हैं।
इन मशीनों के संचालन से अस्पताल में कम समय में सटीक जांच और जटिल ऑपरेशन संभव हो सकेंगे। विशेष रूप से लेप्रोस्कोपी और सोनोग्राफी जैसी सुविधाओं से मरीजों को राहत मिलेगी, वहीं नवजात शिशुओं में पीलिया की बिना दर्द जांच और बेहतर देखभाल की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार यहां प्रतिदिन 800 से 1000 मरीज उपचार के लिए आते हैं। हर माह करीब 60 प्रसव और प्रतिदिन 2 से 3 बड़े ऑपरेशन किए जाते हैं। नए उपकरणों और अतिरिक्त ओटी टेबल से ऑपरेशन की प्रतीक्षा अवधि घटेगी तथा उपचार व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी।
डॉ. राहुल जैन ने बताया कि अस्पताल उन्नयन के लिए मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत 5 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 3.5 करोड़ उपकरणों तथा 1.5 करोड़ सिविल कार्यों के लिए निर्धारित हैं। शीघ्र ही अस्पताल के नए भवन में डायग्नोस्टिक विंग विकसित किया जाएगा, जहां 24 घंटे सीटी स्कैन, एक्स-रे, सोनोग्राफी सहित अन्य जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि बढ़ते मरीज भार को देखते हुए चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के पद बढ़ाने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाएगा। समारोह में अस्पताल प्रशासन, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।