आईफोन निकालने उतरा गोताखोर कुएं में डूबा

Share

ज्वेलर के पिता पर केस और 20 लाख मुआवजे की मांग, परिजनों ने शव लेने से किया इनकार
उदयपुर, 28 मई
: उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में कुएं में गिरे आईफोन को निकालने के प्रयास में एक अनुभवी गोताखोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और समाज के लोगों ने ज्वेलर के पिता पर मामला दर्ज करने और 20 लाख रुपए मुआवजे की मांग को लेकर शव लेने से इनकार कर दिया।
गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि मृतक की पहचान मचीन्द गांव निवासी केशूलाल गमेती (48) के रूप में हुई है। बुधवार शाम स्थानीय लोगों की मदद से उनका शव कुएं से बाहर निकाला गया। फिलहाल परिजनों को समझाइश का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मारूवास गांव में एक रिश्तेदार के निधन के 11वें कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे ज्वेलर कुलदीप सिंह का आईफोन सामूहिक स्नान के दौरान कुएं में गिर गया था। इसके बाद स्थानीय गोताखोर केशूलाल गमेती को मोबाइल निकालने के लिए बुलाया गया। वह अपने बेटे रूपलाल के साथ मौके पर पहुंचे।
दो बार कुएं में उतरने के बावजूद मोबाइल नहीं मिला। तीसरी बार गहराई में जाकर तलाश करते समय केशूलाल डूब गए। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने शव बाहर निकाला।
मृतक के बेटे रूपलाल ने आरोप लगाया कि उसके पिता तीसरी बार कुएं में उतरना नहीं चाहते थे, लेकिन ज्वेलर के पिता ने दोबारा प्रयास करने के लिए कहा। परिजनों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा।