नकली सोने के लॉकेट दिखाकर भरोसे में लिया, 2 किलो सोना सस्ते में देने का लालच देकर खेरवाड़ा बुलाया; नकदी लेने के बाद फरार
उदयपुर, 30 सितंबर: खेरवाड़ा थाना क्षेत्र में मकान की नींव की खुदाई के दौरान भारी मात्रा में सोना मिलने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 10 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित को सोने के नकली लॉकेट दिखाकर भरोसे में लिया और 2 किलो सोना सस्ते दाम में देने का लालच देकर उससे 10 लाख रुपए ऐंठ लिए। रकम लेने के बाद आरोपी पीड़ित को बस स्टैंड के पास छोड़कर फरार हो गए।
भीलवाड़ा निवासी राजेश कुमार शर्मा सितंबर में पत्नी के इलाज के लिए हिम्मतनगर अस्पताल गए थे। अस्पताल के बाहर उनकी मुलाकात एक युवक से हुई। युवक ने खुद को परिचित बताते हुए चांदी का सिक्का दिखाया और बताया कि मकान की नींव की खुदाई के दौरान उसे बड़ी मात्रा में सोना-चांदी मिला है। आरोपी ने राजेश का मोबाइल नंबर भी ले लिया।
कुछ दिन बाद आरोपी ने फोन कर 2 किलो सोना सस्ते दाम में देने का लालच दिया और राजेश को खेरवाड़ा बुलाया। खेरवाड़ा पहुंचने पर आरोपियों ने भगवान शंकर के सोने के कुछ लॉकेट दिखाए। इनमें से एक लॉकेट की उदयपुर में जांच कराने पर वह असली निकला। इसके बाद आरोपियों ने राजेश को विश्वास में ले लिया। ?राजेश ने परिचितों से रुपए की व्यवस्था कर 10 लाख रुपए जुटाए। इसके बाद आरोपियों को सोप स्टोन खदान के पास रकम दे दी। आरोपियों ने रकम लेने के बाद उन्हें बस स्टैंड के पास छोड़ दिया और फरार हो गए।
पत्नी के छोड़कर जाने से नाराज बेटे ने मां की लाठी से वार कर हत्या की
माता-पिता से विवाद के बाद गुस्से में उठाई लाठी, सिर पर किए ताबड़तोड़ वार; मौके पर मौत, आरोपी फरार
डूंगरपुर, 30 सितंबर: डूंगरपुर थाना क्षेत्र के विकासोर गांव में मंगलवार दोपहर एक युवक ने अपनी मां की लाठी से वार कर हत्या कर दी। आरोपी अपनी पत्नी के छोड़कर चले जाने से नाराज था और इसी बात को लेकर माता-पिता से आए दिन विवाद करता था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
डोवड़ा थाने के एसआई नारायणलाल मीणा ने बताया कि मृतका सुखी ननोमा (72) के पति वालेंग ननोमा की रिपोर्ट पर बेटे पवन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वालेंग ने पुलिस को बताया कि उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं। तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है।
बड़े बेटे पवन ने करीब छह साल पहले कैलाशी नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के करीब एक साल बाद दोनों का एक बेटा हुआ। इसके बाद कैलाशी बेटे को छोड़कर चली गई। इसी बात को लेकर पवन अपने माता-पिता से विवाद करता रहता था।
मंगलवार दोपहर सुखी घर में चाय बना रही थी। इसी दौरान पवन अपनी पत्नी के छोड़कर जाने की बात को लेकर मां से झगड़ने लगा। उसने चाय के बर्तन उठाकर फेंक दिए और घर से बाहर जाने लगा। मां ने उसे डांटा और उसके पीछे गई। इसी दौरान गुस्से में पवन ने घर में रखी लाठी उठाई और मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
गंभीर चोट लगने से सुखी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पवन मौके से फरार हो गया। सूचना पर डोवड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को डूंगरपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस ने पिता की रिपोर्ट पर आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
राजस्थान विद्यापीठ में रोबोटिक्स, एआई और उभरती तकनीकों पर सेमिनार; ड्रोन, IoT, ऑटोमेशन और कंप्यूटर विजन की दी जानकारी
UDR VIDYAPEETH
उदयपुर, 30 सितंबर: जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ के कंप्यूटर साइंस एंड आईटी विभाग में विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से रूबरू कराने के लिए सेमिनार आयोजित किया गया। The Smart Minds AI Lab के सहयोग से हुए कार्यक्रम में ह्यूमनॉइड रोबोट ‘UDAY’ के साथ विद्यार्थियों का लाइव इंटरैक्शन आकर्षण का केंद्र रहा।
The Smart Minds AI Lab के CEO इंजीनियर आशीष गुप्ता और डायरेक्टर एवं ड्रोन-एआई इंजीनियर परिक्षित सिंह राठौड़ ने रोबोटिक्स एवं एआई के व्यावहारिक उपयोग और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को ड्रोन टेक्नोलॉजी, IoT, ऑटोमेशन, कंप्यूटर विजन, एम्बेडेड एवं ऑटोनॉमस सिस्टम्स के उपयोग और रोजगार अवसरों से अवगत कराया।
रोबोट ‘UDAY’ के माध्यम से विद्यार्थियों ने एआई, रोबोटिक्स और ह्यूमन-मशीन इंटरैक्शन का प्रत्यक्ष अनुभव लिया। डॉ. दिलीप चौधरी ने आभार जताया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
किसान हितैषी 15 तकनीकें पैकेज ऑफ प्रैक्टिसेज में होंगी शामिल
एमपीयूएटी की दो दिवसीय ZREAC बैठक में 70 वैज्ञानिकों-अधिकारियों ने लिया भाग; अनुसंधान को किसानों की जरूरतों से जोड़ने पर जोर
udr mpuat
उदयपुर, 30 सितंबर: महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय अनुसंधान एवं विस्तार सलाहकार समिति (ZREAC) की बैठक मंगलवार को संपन्न हुई। बैठक में किसानों के लिए विकसित तकनीकों, नई किस्मों और कृषि विस्तार गतिविधियों की समीक्षा के साथ उन्हें खेत स्तर तक पहुंचाने पर मंथन हुआ। करीब 70 वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों ने भाग लिया।
निदेशक अनुसंधान डॉ. मनोज कुमार महला ने मक्का के उत्पादन, प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन तथा सीताफल जैसी स्थानीय उपज से किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाएं बताईं। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) डॉ. सुधीर वर्मा ने किसान हितैषी तकनीकों को ‘पैकेज ऑफ प्रैक्टिसेज’ में शामिल कर व्यापक प्रचार पर जोर दिया। उन्होंने कृषि मशीनरी और बायोचार के उपयोग की जानकारी दी।
क्षेत्रीय अनुसंधान अधिकारी डॉ. एस.एस. लखावत ने बताया कि 15 नई कृषि तकनीकों एवं फसल किस्मों को पुस्तिका में शामिल करने की अनुशंसा भेजने का निर्णय हुआ।
बस्ती में घुसा 8 फीट लंबा मगरमच्छ, अंधेरे में रेस्क्यू कर वन विभाग को सौंपा
ओमरड़ा गांव की गमेती बस्ती में देर रात मगरमच्छ दिखने से मची अफरा-तफरी, झाड़ियों में छिपा था
उदयपुर, 30 सितंबर: उदयपुर के ओमरड़ा गांव की गमेती बस्ती में मंगलवार देर रात करीब 8 फीट लंबा मगरमच्छ घुस आने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर की टीम मौके पर पहुंची और करीब 8 फीट लंबे मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे वन विभाग को सौंप दिया।
रेस्क्यू सेंटर के संभागीय अध्यक्ष चमन सिंह चौहान ने बताया कि मगरमच्छ के बस्ती में आने की सूचना मिली थी। इसके बाद चमन सिंह के साथ लक्ष्मीलाल गमेती, कोमल गमेती और निर्मल गमेती मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों के अनुसार रात करीब 11 बजे कुछ लोग घरों के बाहर बैठे थे। इसी दौरान उनकी नजर घरों की ओर आते मगरमच्छ पर पड़ी। मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
मगरमच्छ बस्ती के एक घर के पास झाड़ियों में जाकर छिप गया था। रेस्क्यू टीम ने घने अंधेरे के बीच सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया।
जिस सांप ने डंसा, उसे पकड़कर खुद का उपचार कराने अस्पताल ले आया युवक
उदयपुर, 30 सितंबर: उदयपुर के धार क्षेत्र में मंगलवार दोपहर सांप पकड़ने पहुंचे युवक को उसी सांप ने डस लिया। इसके बावजूद युवक ने हिम्मत नहीं हारी और सांप को दोबारा काबू में कर जिंदा लेकर महाराणा भूपाल चिकित्सालय पहुंच गया। फिलहाल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे राजविलास होटल, धार के पास नाले के पाइप में सांप दिखाई दिया था। इसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए धार उबेश्वर निवासी स्नेक कैचर बंशी भाई गमेती मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने सांप को पकड़ लिया।
इसी दौरान सांप उनके हाथ से फिसल गया और पलटकर बंशी गमेती को डस लिया। सांप के डसते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि बंशी गमेती ने सूझबूझ दिखाते हुए सांप को फिर से काबू में कर लिया।
इसके बाद समय गंवाए बिना वे सांप को जिंदा साथ लेकर उदयपुर के एमबी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। अस्पताल में सांप को जिंदा देखकर लोगों में भी कौतूहल बना रहा।
विशेषज्ञों के अनुसार सांप के काटने की स्थिति में घरेलू उपचार या झाड़-फूंक के बजाय तत्काल चिकित्सकीय उपचार लेना चाहिए। बंशी गमेती का फिलहाल अस्पताल में इलाज जारी है।
कुएं में मिली नाबालिग की लाश का खुलासा, बिजली के तार काटते समय करंट लगने से हुई थी मौत
साथ ले गए थे नाबालिग को, हादसे के बाद शव कुएं में डालकर छिपाया; एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग डिटेन
उदयपुर, 30 सितंबर: कानोड़ थाना पुलिस ने वीरिया गांव के कुएं में मिली नाबालिग की लाश के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को डिटेन किया गया है। पुलिस के अनुसार बिजली के तार काटकर चोरी करने की योजना के दौरान अचानक करंट आने से नाबालिग खंभे से नीचे गिर गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद कानूनी कार्रवाई से बचने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को कुएं में डाल दिया गया।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को प्रार्थी ने कानोड़ थाने में रिपोर्ट दी थी कि उसका नाबालिग पुत्र रात को गांव में गणपति देखने गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थानाधिकारी भंवरलाल के नेतृत्व में गठित टीमों ने मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की तकनीकी सहायता से मामले की कड़ियां जोड़ीं। जांच में सामने आया कि गांव के ही ईश्वरलाल और उसके साले इंद्रमल ने साथियों के साथ मिलकर रात में बिजली के तार काटकर चोरी करने की योजना बनाई थी। इसी दौरान वे नाबालिग को भी अपने साथ ले गए। तार काटते समय अचानक करंट आने से नाबालिग खंभे से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई।
बिना टेंडर 45 लाख के काम करा दिए, टेंडर बाद में खोले
वागपुर पंचायत में पुलिया समेत तीन सीसी रोड का निर्माण पहले शुरू, निविदा प्रक्रिया पर उठे सवाल; बीडीओ बोले- बिना टेंडर वर्क ऑर्डर संभव नहीं, सचिव ने माना- गलती हुई
udr khr 01
खेरवाड़ा, 30 सितंबर (फूलशंकर डामोर): पंचायतीराज चुनाव की आचार संहिता लागू होने की संभावना के बीच खेरवाड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत वागपुर में करीब 45 लाख रुपए के विकास कार्यों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि जिन कार्यों के लिए ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया 21 अक्टूबर से शुरू हुई और 28 अक्टूबर को निविदाएं बंद होनी थीं, उनमें से कई कार्य इससे करीब 15 दिन पहले ही मौके पर शुरू करा दिए गए। इनमें एक पुलिया का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि तीन सीसी सड़कों का काम भी चल रहा है। ऐसे में सवाल है कि जब टेंडर प्रक्रिया पूरी ही नहीं हुई थी तो निर्माण कार्य किसके आदेश पर शुरू कराए गए?
जानकारी के अनुसार सांसद कोटे से वागपुर पंचायत में करीब 45 लाख रुपए के चार कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें मेघवाल बस्ती सोम नदी बैकवाटर पुलिया की लागत करीब 15 लाख रुपए है। आरोप है कि संबंधित फर्म द्वारा इसका निर्माण टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही शुरू कर दिया गया था और पुलिया लगभग तैयार हो चुकी है।
इसी तरह पप्पू के घर से बनने वाली करीब 10 लाख रुपए की सीसी रोड का काम भी करीब 15 दिन पहले शुरू होने और 29 अक्टूबर को पूरा होने की बात सामने आई है। विनोद के घर से सरेड़ी तक 10 लाख तथा भेरे के घर से रमेश के घर तक 10 लाख रुपए की लागत वाली सीसी रोड का निर्माण भी जारी बताया गया है।
टेंडर बाद में, काम पहले कैसे शुरू हुआ?
मामले में सबसे बड़ा सवाल निर्माण कार्य शुरू होने के समय को लेकर है। यदि 21 अक्टूबर को ऑनलाइन निविदा जारी हुई और 28 अक्टूबर को उसकी क्लोजिंग थी, तो उससे पहले ही कार्य मौके पर शुरू होने से टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
पंचायत समिति विकास अधिकारी मंचाराम ने स्पष्ट कहा कि बिना टेंडर के वर्क ऑर्डर जारी नहीं हो सकता। वहीं ग्राम पंचायत सचिव मनीष मसार ने मामले में अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा, “मेरे से गलती हो गई है।” अब सवाल यह है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले लाखों रुपए के कार्य कैसे शुरू हुए और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
सरकारी अस्पतालों में आज से बदलेगा ओपीडी समय
उदयपुर, 30 सितंबर: महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय सहित जिले के समस्त राजकीय अस्पतालों का ओपीडी समय 1 अक्टूबर से बदल जाएगा। 31 मार्च 2027 तक सामान्य दिनों में ओपीडी सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक संचालित होगी। रविवार और राजकीय अवकाश के दिनों में मरीजों को सुबह 9 से 11 बजे तक देखा जाएगा। इसी तरह आयुष चिकित्सालयों और औषधालयों में भी सर्दी के दौरान यही ओपीडी समय रहेगा। जिन विभागीय चिकित्सा केंद्रों पर नियमित योगाभ्यास कार्यक्रम होते हैं, वहां सुबह के समय दो घंटे अतिरिक्त रखे जाएंगे।
वेद मंत्र पाठ प्रतियोगिता में गूंजे वेद मंत्र
udr ved mantr
उदयपुर, 30 सितंबर: आर्य समाज हिरण मगरी में मंगलवार को अंतरविद्यालय सुरेश चंद्र गुप्ता स्मृति वेद मंत्र पाठ प्रतियोगिता आयोजित हुई। कनिष्ठ वर्ग में 15 और वरिष्ठ वर्ग में 14 विद्यालयों के कुल 56 विद्यार्थियों ने निर्धारित वेद मंत्रों का सस्वर पाठ और हिन्दी भावार्थ प्रस्तुत किया। शिक्षाविद प्रो. डॉ. राकेश कुमार एरन की अध्यक्षता में हुई प्रतियोगिता में निर्णायक अशोक आर्य, बीएल जैन और आचार्य सत्यप्रिय आर्य ने वेदों के महत्व, संस्कृत की महिमा और शुद्ध उच्चारण पर मार्गदर्शन दिया। कनिष्ठ वर्ग में धरा मेहता प्रथम, युवराज सिंह राव द्वितीय और जानवी कठेरिया तृतीय रहीं। वरिष्ठ वर्ग में नव्या सिंह, सृष्टि शर्मा और वांशी बडाला क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहीं। दोनों वर्गों की विद्यालय विजेता ट्रॉफी सेंट एंथोनी स्कूल ने जीती।
प्रो. महीप भटनागर और प्रो. विमल शर्मा सम्मानित
udr vimal
उदयपुर, 30 सितंबर:उदयपुर के विश्वविद्यालयों में 36 वर्षों तक शिक्षा, अनुसंधान और प्रशासनिक सेवाएं देने के लिए सुखाड़िया विश्वविद्यालय के प्रो. महीप भटनागर और एमपीयूएटी के प्रो. विमल शर्मा को साइंटिफिक लॉरेलस लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। सम्मान के तहत दोनों को प्रमाण पत्र, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार 42 देशों के 2500 से अधिक नामित वैज्ञानिकों में से विभिन्न चरणों में मूल्यांकन के बाद 600 वैज्ञानिकों को सम्मान के लिए चयनित किया गया है। चयनित वैज्ञानिकों का विस्तृत विवरण संस्था की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
चलते ट्रेलर में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
उदयपुर, 30 सितंबर: बेकरिया थाना क्षेत्र में मोरस टोल के पास बुधवार सुबह करीब 11 बजे बजरी से भरे ट्रेलर के केबिन में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने पर चालक ने ट्रेलर से कूदकर अपनी जान बचाई। ट्रेलर डिसा गांव से बजरी भरकर उदयपुर की ओर जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना पर बेकरिया थानाधिकारी रामअवतार मीणा जाप्ते के साथ पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के चलते गोगुंदा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालकर आग बुझने के बाद यातायात सुचारु कराया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
2.570 किलो अफीम के साथ दो गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 30 सितंबर: छोटीसादड़ी पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए 2 किलो 570 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। थानाधिकारी कैलाशचंद्र पुनी ने बताया कि पुलिस टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर गश्त कर रही थी। स्वरूपगंज तिराहे पर रामदेवजी के पास दो युवक बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में बैठे मिले। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार (36) निवासी डेडवा, जालौर और लक्ष्मण (35) निवासी विश्नोइयों का बास सुतला, जोधपुर के रूप में हुई। तलाशी में बैग से 2 किलो 570 ग्राम अफीम मिली। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी।
डूंगरपुर में एक साल में सड़क हादसों में 350 मौतें, 29 हत्याएं
डूंगरपुर, 30 सितंबर: सदर थाने में बुधवार को एसपी मनीष कुमार की जनसुनवाई में लोगों ने चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं होने, मारपीट की रिपोर्ट, चालान और पुलिस पर वसूली के आरोपों सहित कई समस्याएं रखीं। एसपी ने बताया कि जिले में पिछले एक साल में सड़क हादसों में 350 लोगों की मौत हुई, जबकि 29 हत्याएं हुईं। उन्होंने कहा कि कई हादसे हेलमेट और यातायात नियमों की पालना से टाले जा सकते थे। चोरी की शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि पहले रिपोर्ट देने वाले और बाद में अस्पताल से आने वाले घायल, दोनों की शिकायत पर सुनवाई होगी। पति-पत्नी विवाद में वसूली की शिकायत पर उन्होंने सीधे जानकारी देने को कहा और कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने बच्चों को बिना रोक-टोक पावर बाइक देने से बचने और यातायात नियमों की पालना की अपील की।
स्वदेशी मेले में सजेगा घुमंतू समाजों का हुनर
उदयपुर, 30 सितंबर: स्थानीय आरसीए ग्राउंड, फतेह स्कूल के सामने, 2 से 5 अक्टूबर तक चार दिवसीय स्वदेशी मेले का आयोजन होगा। घुमंतू जाति उत्थान न्यास के तत्वावधान में होने वाले मेले में विभिन्न घुमंतू समाजों के कारीगर पारंपरिक रूप से हाथ से तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री करेंगे। मेले का उद्देश्य पारंपरिक कला को मंच देने के साथ कारीगरों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना है। सिकलीगर, गाड़िया लोहार, वागरिया, मोंगिया और कालबेलिया समाज के उत्पाद आकर्षण रहेंगे। वागरिया समाज की करीब दो साल तक टिकाऊ रहने वाली विशेष झाड़ू, गाड़िया लोहारों के लोहे के औजार व तवे तथा सिकलीगरों की नक्काशीदार कलाकृतियां उपलब्ध रहेंगी। उत्पाद 50 से 50 हजार रुपए तक की कीमत में मिलेंगे।
सिलंबम महिला लीग में उदयपुर अव्वल
उदयपुर, 30 सितंबर: शोभागपुरा स्थित मीकाडो इंटरनेशनल स्कूल में खेलो इंडिया राजस्थान सिलंबम अस्मिता वूमेंस लीग 2026 आयोजित हुई। राजस्थान सिलंबम एसोसिएशन के महासचिव मांगीलाल सालवी की देखरेख में हुई प्रतियोगिता में करीब 110 बालिकाओं ने विभिन्न आयु और भार वर्गों में भाग लिया। उदयपुर की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 स्वर्ण, 10 रजत और एक कांस्य सहित कुल 25 पदक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। स्वर्ण पदक विजेताओं में अंजना वैष्णव, मोनल सेन, ऊषा लोहार, समायरा शर्मा, कैप्रिशा गोस्वामी, गीत जैन, गौरांगना राठौड़, अलीना रंगवाला सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहीं। रजत पदक में जदविगा चौहान, लेहाना चौधरी, निकिता भील आदि तथा कांस्य में कनिका चुंडावत रहीं। निदेशक केतन जैन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस: उदयपुर में 756 शतायु मतदाताओं का होगा सम्मान
उदयपुर, 30 सितम्बर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 अक्टूबर 2026 को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के विशेष अवसर पर राजस्थान के सभी जिलों में शतायु (100 वर्ष या उससे अधिक आयु) मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत राजस्थान के कुल 17,260 और अकेले उदयपुर जिले के 756 शतायु मतदाताओं का अभिनंदन किया जाएगा।
प्रभारी अधिकारी (स्वीप प्रकोष्ठ) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (जिला परिषद) प्रीतम कुमार ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में जिला मुख्यालय पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा तारा संस्थान, सेक्टर-14, उदयपुर में 1 अक्टूबर को प्रातः 11.00 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा सभी पंचायत और स्कूल भवनों में भी आयोजित होगा।
पंचायत स्तर पर सार्वजनिक समारोह, अधिकारियों की रहेगी मौजूदगी
निर्वाचन विभाग के अनुसार, यदि एक पंचायत मुख्यालय स्तर पर एक से अधिक मतदान केंद्र हैं और वहां शतायु मतदाता निवास करते हैं, तो यथासंभव एक ही स्थान पर संयुक्त कार्यक्रम रखा जाएगा। समारोह में जिला स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ विधानसभा स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। वरिष्ठ मतदाताओं का माला पहनाकर स्वागत किया जाएगा और मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा हस्ताक्षरित विशेष शुभकामना पत्र प्रदान किया जाएगा।
असमर्थ बुजुर्गों के लिए घर-घर जाएगी विशेष सम्मान समिति
ऐसे शतायु बुजुर्ग जो शारीरिक रूप से अक्षम हैं या कार्यक्रम स्थल तक आने में असमर्थ हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन द्वारा इसके लिए विशेष टीमों (सम्मान समिति) का गठन किया गया है। इस समिति में बीएलओ, सुपरवाइजर, ग्राम पटवारी, स्थानीय शिक्षक, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी व स्वास्थ्य कार्यकर्ता शामिल रहेंगे। यह टीम खुद बुजुर्गों के निवास स्थान पर जाकर उन्हें पूरे आदर-सत्कार के साथ सम्मानित करेगी।