10% आरक्षण सहित 11 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन, 1 जुलाई को जयपुर महापड़ाव की चेतावनी
बांसवाड़ा, 5 जून: डीएनटी समाज (वंचित ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग) की विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को बांसवाड़ा में व्यापक जनआक्रोश देखने को मिला। राष्ट्रीय पशुपालक संघ, डीएनटी संघर्ष समिति और मूल ओबीसी महापंचायत के संयुक्त आह्वान पर हजारों समाजजन जेल भरो आंदोलन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारी ऊंटों पर सवार होकर रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री के नाम 11 सूत्री मांगपत्र जिला प्रशासन को सौंपा।
डीएनटी संघर्ष समिति के अध्यक्ष लालजी राईका ने कहा कि समाज को अलग से 10 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग लंबे समय से की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि रेनके और ईदाते आयोग भी इस संबंध में सिफारिश कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में डीएनटी समाज की आबादी लगभग 15 प्रतिशत है, लेकिन आज भी समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
मांगपत्र में आरक्षण के अलावा राजनीतिक भागीदारी, आवासीय पट्टे, भूमि अधिकार, शिक्षा और रोजगार संबंधी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की गई है। आंदोलनकारियों ने सरकार से मुख्यमंत्री स्तर पर वार्ता आयोजित करने, पूर्व में हुई चर्चाओं पर समाधान का रोडमैप प्रस्तुत करने तथा वार्ता की तिथि शीघ्र घोषित करने की मांग भी रखी।
समिति के नेताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व में दिए गए आश्वासनों पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 1 जुलाई को जयपुर में विशाल महापड़ाव आयोजित कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान प्रदेशभर से बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।