एसपी के आश्वासन पर IMA ने स्थगित किया फैसला, एएसपी के नेतृत्व में होगी जांच
उदयपुर, 3 जून: जेपी ऑर्थोपेडिक्स हॉस्पिटल में डॉक्टरों के साथ हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने फिलहाल प्रस्तावित आंदोलन पांच दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। यह निर्णय पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन द्वारा दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के आश्वासन के बाद लिया गया। एसपी ने पूरे घटनाक्रम की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के निर्देशन में सौंपते हुए पांच दिनों के भीतर आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।
मंगलवार रात हुई घटना के बाद शहर के चिकित्सकों ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज में बैठक कर रोष व्यक्त किया था। इसके बाद आईएमए प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मुलाकात की। आईएमए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता ने कहा कि पुलिस को कार्रवाई के लिए समय दिया गया है। यदि तय अवधि में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो डॉक्टर आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे।
भड़की भीड़ ने डॉक्टरों से की मारपीट, IMA प्रदेशाध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता के कपड़े फाड़े
गौरतलब है कि लसाड़िया निवासी कपड़ा व्यापारी कुलदीप जैन के ऑपरेशन के बाद तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया था। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग जेपी ऑर्थोपेडिक्स हॉस्पिटल पहुंच गए और हंगामा करते हुए डॉक्टरों व स्टाफ के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि ऑपरेशन थिएटर में घुसकर चिकित्सकों से अभद्रता की गई तथा आईएमए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता के साथ भी मारपीट कर उनके कपड़े फाड़ दिए गए। घटना के बाद चिकित्सक संगठनों ने इसे चिकित्सा सेवाओं पर हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।