भामाशाह सम्मान समारोह में दानदाताओं का हुआ अभिनंदन

Share

विद्यालय में टीन शेड, फर्नीचर जैसी सुविधाओं का किया सहयोग
उदयपुर, 3 अप्रैल:
राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, सेक्टर-06 विजय सिंह पथिक नगर, सवीना में भामाशाह सम्मान समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग देने वाले दानदाताओं का सम्मान कर समाज में शिक्षा सहयोग की भावना को बढ़ावा देना रहा।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. अनिता मौर्या, विनोद कुमार संचेती, अशोक वीरवाल व विक्रम जी रहे। इस अवसर पर डॉ. मौर्या व संचेती परिवार के सहयोग से विद्यालय में टीन शेड का निर्माण किया गया, वहीं आईआईएफएल फाउंडेशन द्वारा टेबल-कुर्सियां प्रदान की गईं, जिससे छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना व दीप प्रज्वलन से हुई। प्रधानाचार्य चेतराम मीणा ने अतिथियों का पारंपरिक पगड़ी व उपरना पहनाकर स्वागत किया और विद्यालय विकास में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भामाशाहों के सहयोग से ही विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल पाता है। समारोह में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों व सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।