उदयपुर, 14 अगस्त: केंद्र सरकार ने भारतीय जनता पार्टी राजस्थान की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अलका मुंदड़ा को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है। इसे उनके राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और सार्वजनिक जीवन में योगदान की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।
डॉ. मुंदड़ा लंबे समय से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने महिला सशक्तीकरण, जनसेवा, सामाजिक समरसता, संगठन विस्तार और विभिन्न जनहित अभियानों में भूमिका निभाई है। भाजपा के संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व क्षमता के चलते उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व मिलने पर राजस्थान, विशेषकर उदयपुर संभाग के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
इंडियन ऑयल देश की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की ऊर्जा एवं पेट्रोलियम कंपनियों में शामिल है। कंपनी के बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्ति को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जाता है। भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्धजनों ने डॉ. मुंदड़ा को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने अनुभव, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से कंपनी के दायित्व का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगी। यह जानकारी भाजपा मीडिया संभाग प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।