रोटरी इंटरनेशनल के 2028-29 अध्यक्ष बने डॉ. भरत पंड्या

Share

उदयपुर मेवाड़ क्लब ने जताया गौरव, कहा- भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
उदयपुर, 4 अगस्त:
भारत के वरिष्ठ रोटेरियन एवं अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी डॉ. भरत पंड्या के रोटरी इंटरनेशनल के वर्ष 2028-29 के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मेवाड़ ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सहायक प्रांतपाल संदीप सिंघटवाडिया ने कहा कि डॉ. पंड्या का उदयपुर से विशेष आत्मीय जुड़ाव रहा है और वे क्लब के विभिन्न आयोजनों में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल हो चुके हैं।
क्लब के संरक्षक हंसराज चौधरी ने कहा कि डॉ. पंड्या का निर्वाचन भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक रोटरी परिवार के लिए गौरव का विषय है। उनका दूरदर्शी नेतृत्व, सेवा भावना और Service Above Self के आदर्शों के प्रति समर्पण उन्हें इस सर्वोच्च दायित्व के लिए उपयुक्त बनाता है।
करीब चार दशक से रोटरी से जुड़े डॉ. पंड्या रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर, ट्रेज़रर, द रोटरी फाउंडेशन के ट्रस्टी सहित कई अंतरराष्ट्रीय दायित्व निभा चुके हैं। उन्हें Service Above Self Award, Citation for Meritorious Service और Distinguished Service Award जैसे प्रतिष्ठित सम्मान भी मिल चुके हैं। क्लब ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में रोटरी विश्वभर में सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और मानवता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।