डॉ. मोहन सिंह मेहता जयंती : विद्या भवन में स्नेह मिलन, पूर्व छात्रों का होगा अभिनंदन

Share

उदयपुर, 19 अप्रैल: महान शिक्षाविद, कुशल प्रशासक और समाजसेवा के पथप्रदर्शक पद्म भूषण डॉ. मोहन सिंह मेहता की 131वीं जयंती 20 अप्रैल को श्रद्धा, सम्मान और आत्मीयता के साथ मनाई जाएगी। इस विशेष अवसर पर विद्या भवन विद्या बंधु संस्थान द्वारा एक भव्य स्नेह मिलन एवं पूर्व विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
समारोह की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ जारी हैं। संस्थान के शिक्षक, प्रबंधन तथा पूर्व विद्यार्थी मिलकर इस आयोजन को स्मरणीय और ऐतिहासिक बनाने में जुटे हुए हैं।
संस्थान के सांस्कृतिक मंत्री गोपाल कृष्ण बम्ब ने जानकारी दी कि इस वर्ष समारोह में विशेष रूप से वर्ष 1989-90 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को सपरिवार आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। यह स्नेह मिलन समारोह न केवल पुराने साथियों को एक मंच पर लाने का माध्यम बनेगा, बल्कि आपसी संबंधों को और भी प्रगाढ़ करने का एक सुनहरा अवसर भी प्रदान करेगा। इस अवसर पर वर्ष 2025-26 वर्ष में सेवानिवृत्त अध्यापक, कर्मचारी एवं उन पूर्व छात्रों को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, कला, खेल, समाज सेवा या अन्य किसी क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। विद्या भवन परिवार के लिए यह गर्व का क्षण है कि विद्या बन्धु श्री हरप्रीत सिंह जी पुरी इस कार्यक्रम हेतु चीन से पधार रहे हैं। वर्ष 1978 बैच के गौरवशाली पूर्व विद्यार्थी के रूप में आपकी उपस्थिति हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।
संस्थान की अध्यक्षा पुष्पा शर्मा ने बताया कि यह आयोजन सिर्फ पुराने मित्रों से मिलने का ही नहीं, बल्कि विद्यालय के प्रति आत्मीयता और संबंधों को और अधिक गहरा करने का माध्यम भी है। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, अनुभव साझा करने के सत्र, पूर्व विद्यार्थियों का सम्मान, और सामूहिक भोज जैसी विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर संस्थान की समपादिका डॉ. मंजू चतुर्वेदी ने बताया कि वार्षिक पत्रिका “मुखपत्र” के 38 वें अंक का विमोचन भी किया जाएगा। पूर्व विद्यार्थियों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। देश-विदेश से अनेक पूर्व छात्र इस अवसर पर भाग लेने के लिए उत्सुकता से तैयारियां कर रहे हैं। वर्तमान में विद्यालय परिवार के 1000 से अधिक सदस्य आयोजन को भव्य और यादगार बनाने में सक्रिय रूप से जुटे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समारोह की मुख्य अतिथि पूर्व अध्यापिका श्रीमती रीता भटनागर होगी। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ विद्या बन्धु श्री चांदमल जी सिंघवी होगे।‌ इस अवसर पर विद्या भवन सोसायटी के अध्यक्ष डॉ जितेन्द्र तायलिया के सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।