ड्रग्स तस्कर की 2.10 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

Share

मकान, दो फार्महाउस, तीन कारें और दो बाइक कार्रवाई की जद में, आरोपी साबरमती जेल में बंद
प्रतापगढ़, 25 जून :
प्रतापगढ़ पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नौगांवा निवासी शाहज़ेब खान और उसके परिवार की करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी है। कार्रवाई में तस्करी से अर्जित धन से खरीदे गए मकान, दो फार्महाउस, तीन कारें और दो बाइक शामिल हैं। फिलहाल शाहज़ेब खान अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद है।
एसपी बी. आदित्य ने बताया कि मामला फरवरी 2025 में एनसीबी द्वारा अहमदाबाद में ड्रग्स पाउडर के साथ गिरफ्तार किए गए एक दंपति की जांच से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि मादक पदार्थ शाहज़ेब खान और उसकी मां यासमीन द्वारा सप्लाई किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने परिवार की वित्तीय गतिविधियों और संपत्तियों की गहन जांच की।
जांच में पाया गया कि तस्करी से अर्जित धन से शाहज़ेब ने अपनी मां और पत्नी के नाम पर आलीशान मकान और फार्महाउस बनवाए थे। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत नई दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकरण से संपत्तियां फ्रीज करने की अनुमति प्राप्त की गई। आदेश के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी संपत्तियों पर फ्रीजिंग बोर्ड लगा दिए। पुलिस के अनुसार आरोपी के पिता और भाई की भूमिका भी मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामलों में सामने आई है।